राजनीति

Assembly Elections 2026 Live: ‘हम चुनाव नहीं लड़ेंगे, कांग्रेस-बीजेपी में हो सीधा मुकाबला’, आम आदमी पार्टी ने कहां के लिए किया बड़ा ऐलान

असम विधानसभा चुनाव के लिए आरोप-प्रत्यारोप और वादों से भरा प्रचार अभियान मंगलवार शाम 5 बजे खत्म हो गया. कुल 722 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करने के लिए 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे. त्रिपुरा में धर्मनगर विधानसभा उपचुनाव के लिए भी प्रचार मंगलवार को थम गया.

असम चुनाव में शामिल मुख्य उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौरव गोगोई, एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल, विधानसभा अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी, विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया, वरिष्ठ मंत्री रनोज पेगु, चंद्रमोहन पटवारी, अतुल बोरा, केशव महंत, अजंता नियोग, अशोक सिंघल, रायजोर दल के प्रमुख अखिल गोगोई और एजेपी अध्यक्ष लुरिंज्योति गोगोई शामिल हैं.

त्रिपुरा में धर्मनगर उपचुनाव के लिए आगामी नौ अप्रैल को होने वाले मतदान में भाजपा, वाम मोर्चा और कांग्रेस ने अलग-अलग उम्मीदवार उतारे हैं.विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा नेता विश्व बंधु सेन की पिछले साल दिसंबर में निधन के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है.

केरल और पुडुचेरी में भी विधानसभा चुनाव का प्रचार थमा

असम के साथ ही केरल और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव का प्रचार भी थम गया है. इन तीनों राज्यों में 9 अप्रैल को मतदान होगा और नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे. असम में हिमंत और गौरव, केरल में LDF, UDF और NDA और पुडुचेरी में NDA और UPA के बीच कड़ा मुकाबला है. इन तीनों जगहों पर 1879 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी है.

केरल विधानसभा चुनाव की तैयारियां पूरी, 883 उम्मीदवार मैदान में 

केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) रतन यू केलकर ने मंगलवार को कहा कि विधानसभा चुनावों के लिए नौ अप्रैल को होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिसमें 883 उम्मीदवार राज्य के 2.71 करोड़ मतदाताओं का समर्थन हासिल करने की कोशिश करेंगे.

केलकर ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि राज्य में 30,495 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इनमें 24 सहायक मतदान केंद्र भी शामिल हैं, जिनकी आवश्यकता मतदाता सूची के विशेष गहन पुनीक्षण (एसआईआर) के बाद पड़ी.

केलकर के मुताबिक, केरल के कासरगोड, कन्नूर, पलक्कड़, मलप्पुरम और एर्नाकुलम जिलों में नये मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन मतदान केंद्रों में से 352 का संचालन महिलाएं और 37 का संचालन दिव्यांग व्यक्ति करेंगे. केलकर के अनुसार, 140 वितरण और संग्रह केंद्र स्थापित किए गए हैं तथा मतपत्रों की गिनती 140 ‘स्ट्रांग रूम’ में की जाएगी.उन्होंने कहा, ‘चुनाव प्रक्रिया के प्रबंधन के तहत, हमने 1.46 लाख प्रशिक्षित चुनाव अधिकारियों को तैनात किया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए 76,000 पुलिस कर्मियों और केंद्रीय बलों के कर्मियों को तैनात किया गया है.’

बंगाल में बनेगी ममता बनर्जी की सरकार- अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जीत का फिर दावा करते हुए कहा कि भाजपा लाख कोशिश, बेईमानी और साज़िश कर ले, उसके बावजूद बंगाल की जनता उसे हराएगी. यादव ने यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान संसद में प्रस्तावित महिला आरक्षण के आधार पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब 2011 से आबादी बढ़ गई है तो आधी आबादी और बढ़ गई होगी, तो जो आज की जनसंख्या है उस पर आरक्षण की बात होनी चाहिए.

मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लेकर अंदेशा जताते हुए उन्होंने कहा कि ज्ञानेश अब और बेईमानी करेंगे तथा उत्तर प्रदेश के चुनाव में निर्वाचन आयोग और बेइमानी करेगा. उन्होंने आयोग को निशाना बनाते हुए दावा किया कि वह मतदाता समावेशन सुनिश्चित करने के अपने कर्तव्य में विफल रहा है. उन्होंने कहा, “मतदाताओं को जोड़ना निर्वाचन आयोग का काम है, लेकिन ऐसा पहली बार लग रहा है कि आयोग का ध्यान मतदाताओं को हटाने पर केंद्रित है.”  उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है और चुनाव के बाद स्थिति और खराब हो जाएगी.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!