पवन खेड़ा नहीं मिले, घर से क्या जब्त करके ले गई असम पुलिस? निकलते ही कहा- ‘कहीं से भी ढूंढ निकालेंगे’

असम में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बवाल शुरू हो गया है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी के तीन पासपोर्ट होने के आरोप लगाए थे, जिसके बाद असम पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. असम पुलिस दिल्ली स्थित पवन खेड़ा के घर पहुंची. हालांकि वहां कांग्रेस प्रवक्ता नहीं मिले, जिसके बाद वो कुछ सामान अपने साथ लेकर गई है. असम पुलिस ने चेतावनी देते हुए कहा कि हम उन्हें कहीं से भी ढूंढ निकालेंगे.
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, ‘वह कल गुवाहाटी से भाग गए थे. मुझे मीडिया के माध्यम से पता चला है कि पुलिस उनके दिल्ली स्थित आवास पर गई थी, लेकिन वह हैदराबाद भाग गए हैं. कानून अपना काम करेगा.’
पवन खेड़ा के घर पर रेड को लेकर भड़की कांग्रेस
असम पुलिस की पवन खेड़ा के घर पर छापेमारी को लेकर कांग्रेस का रिएक्शन सामने आया है. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि जनहित में बुनियादी सवाल पूछने पर मेरे सहयोगी पवन खेड़ा को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस अधिकारियों की पूरी फौज तैनात करना यह साबित करता है कि असम के मुख्यमंत्री परेशान, हताश और डरे हुए हैं.
The deployment of a full army of police officials to arrest my colleague Pawan Khera for asking basic questions in the public interest proves that the Assam CM is disturbed, desperate, and rattled.
This is not due process but instead a witch hunt, a bully using state machinery…
— Jairam Ramesh (@Jairam_Ramesh) April 7, 2026
उन्होंने कहा कि यह उचित प्रक्रिया नहीं है, बल्कि एक तरह की बदले की कार्रवाई है, एक दबंग जो राज्य मशीनरी का इस्तेमाल करके विपक्ष की आवाज़ को दबा रहा है, जो उसके कई काले कारनामों को उजागर कर रहा है. जो लोग डराते-धमकाते हैं, वे असल में डरे हुए होते हैं और उनके पास छिपाने के लिए बहुत कुछ होता है. यह इस बात का भी प्रमाण है कि मुख्यमंत्री को आसन्न हार का सामना करना पड़ रहा है.
पवन खेड़ा ने लगाए थे ये आरोप
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने 5 अप्रैल को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूछा था कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी के पास तीन अलग-अलग पासपोर्ट कैसे हैं? उनको तीन पासपोर्ट रखने की क्या जरूरत है? क्या वे कोई अपराधी हैं? हिमंता बिस्वा सरमा के पास के भी एक से ज्यादा पासपोर्ट मौजूद हैं? क्या वे असम चुनाव हारने के बाद कहीं भागने की तैयारी में हैं?
उन्होंने कहा, ‘हिमंता बिस्वा सरमा की पूरी राजनीति मुसलमानों के खिलाफ नफरत पर आधारित है, लेकिन उनकी पत्नी दो मुस्लिम देशों के पासपोर्ट रखती हैं, कैसे? भारत के कानून के हिसाब से आप दोहरी नागरिकता नहीं रख सकते तो क्या रिंकी भुइयां सरमा भारत का पासपोर्ट भी रखती हैं? क्या देश के गृहमंत्री अमित शाह को ये जानकारी थी कि उनके दत्तक पुत्र की पत्नी 3 पासपोर्ट रखती हैं? गृहमंत्री अमित शाह जवाब दें- क्या वो SIT बिठाकर इस मामले की जांच कराएंगे?’



