राजनीति

खरगे ने किस राज्य के लोगों को कह दिया ‘अनपढ़’, सुनते ही बीजेपी ने काट दिया बवाल, जानें पूरा मामला

5 राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान जोरों पर है. चुनावी मोड के बीच नेताओं के बयानों को लेकर भी बवाल मचना शुरू हो गया है. ताजा मामला कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से जुड़ा है. बीजेपी ने खरगे पर आरोप लगाया है कि उन्होंने गुजरात और उत्तर भारत के अन्य राज्यों के लोगों को ‘अशिक्षित’ कहकर अपमानित किया है. बीजेपी ने कांग्रेस पर विधानसभा चुनावों से पहले ‘‘फूट डालो और राज करो’’ की राजनीति करने का आरोप लगाया.

क्या बोले थे खरगे?

दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रविवार (5 अप्रैल) को केरल विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करने पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने अपने भाषण में गुजरात के लोगों को ‘अशिक्षित’ बताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन्हें ‘बेवकूफ’ बना रहे हैं. खरगे ने साथ ही कहा कि न तो मोदी और न ही केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन केरल की जनता को मूर्ख बना सकते हैं, क्योंकि वह ‘‘बहुत चतुर और शिक्षित’’ है.

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘केरल के लोगों को गुमराह मत कीजिए. वे बहुत चतुर और शिक्षित हैं. मोदी जी, विजयन, आप दोनों गुजरात या अन्य जगहों के अशिक्षित लोगों को मूर्ख बना सकते हैं, लेकिन केरल के लोगों को मूर्ख नहीं बना सकते.’

बीजेपी का करारा पलटवार

खरगे के इस बयान पर बीजेपी ने करारा पलटवार किया है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने खरगे पर निशाना साधते हुए कहा, ‘हमेशा दूसरों को अपमानित करना, राज्य के लोगों को अपमानित करना, मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस के नेताओं का ये चरित्र है. मैं पूछता हूं कि मल्लिकार्जुन खरगे जी, उसी गुजरात से सरदार पटेल भी आते हैं, उसी गुजरात से महात्मा गांधी भी आते हैं, क्या आपने उन्हें भी अपमानित नहीं किया? उसी गुजरात के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जिन्होंने देश की सीमाओं को सुरक्षित किया, देश के गरीब लोगों और महिलाओं का सम्मान जन-धन योजनाओं के माध्यम से बढ़ाया.’

उन्होंने आगे कहा, ‘जिन राज्यों में आपको(कांग्रेस) सत्ता नहीं मिली उन्हें आपने अनपढ़ कह दिया? इससे कहीं न कहीं आपकी मानसिकता और चरित्र दिखता है… मैं तो कहूंगा कि मल्लिकार्जुन खरगे आप इसी तरह से बयान देते रहिए, जनता आपको सजा देती रहेगी. जनता देखती है कि आप केवल वोट के लिए राजनीति करते हैं. जहां से आपको वोट मिलता है वहां आप केवल भ्रष्टाचार करते हैं.’

सुधांशु त्रिवेदी ने साधा निशाना

पार्टी के प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस अध्यक्ष से महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और गुजरात, उत्तर प्रदेश तथा उत्तर भारत के अन्य हिस्सों से आने वाले कांग्रेस के सभी प्रमुख नेताओं की ‘बुद्धिमत्ता’ पर उनकी राय पूछी. 

राज्यसभा सदस्य ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, ‘मैं राहुल गांधी के बारे में नहीं पूछना चाहूंगा, क्योंकि उनके बारे में पूरा देश जानता है.’ त्रिवेदी ने कहा कि केरल के लोग वास्तव में समझदार और बहुत शिक्षित हैं लेकिन कांग्रेस और वाम दलों, किसी ने भी उनके साथ कभी न्याय नहीं किया. भाजपा नेता ने कहा, केरल की जनता आगामी चुनाव में उन्हें करारा जवाब देगी.

क्या बोले शहजाद पूनावाला?

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि खरगे ने गुजरात और उत्तर भारत के लोगों के खिलाफ ‘चौंकाने वाली टिप्पणियां की हैं, जो पार्टी की ‘बांटो और राज करो’ की मानसिकता को दर्शाती हैं. पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा, ‘कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक बार फिर गुजरात और उत्तर भारत के लोगों के खिलाफ चौंकाने वाली टिप्पणी की है. यह कांग्रेस की फूट डालो और राज करो की नीति को दर्शाता है. 

पूनावाला ने कहा,  ‘उन्होंने गुजरात और उत्तर प्रदेश के लोगों को सिर्फ इसलिए अपशब्द कहे क्योंकि वे कांग्रेस को वोट नहीं देते. जब कांग्रेस चुनाव हारती है, तो वह लोगों को अपशब्द कहती है.’ उन्होंने सवाल किया कि क्या गुजरात में कांग्रेस के नेता और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव जैसे विपक्षी नेता ऐसी टिप्पणियों का समर्थन करते हैं.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!