आजमगढ़

Azamgarh News: करणी सेना पहुंची पीड़ित के घर, आजमगढ़ ‘हाफ एनकाउंटर’ केस ने पकड़ा तूल

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

करणी सेना पहुंची पीड़ित के घर, आजमगढ़ ‘हाफ एनकाउंटर’ केस ने पकड़ा तूल

परिजनों का आरोप,फर्जी मुठभेड़, पुलिस की कार्रवाई पर उठे गंभीर सवाल

आजमगढ़ जिले में जिले में भाजपा बूथ अध्यक्ष अभिषेक सिंह के कथित ‘हाफ एनकाउंटर’ का मामला अब तेजी से तूल पकड़ रहा है। घटना के बाद जहां भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी है, वहीं सियासी और सामाजिक संगठनों की सक्रियता ने पूरे मामले को और गरमा दिया है। रविवार को करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरू सिंह चकलालचंद गांव पहुंचे और घायल अभिषेक सिंह के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी ली और परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। वीरू सिंह ने साफ कहा कि यह लड़ाई सड़क से लेकर कोर्ट तक लड़ी जाएगी।
इस दौरान वीरू सिंह ने समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि जिले में सपा के सांसदों और विधायकों के इशारे पर यह कार्रवाई हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि इस कथित फर्जी एनकाउंटर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई और आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव की भूमिका है।
दरअसल, जीयनपुर थाना क्षेत्र के चकलालचंद गांव निवासी अभिषेक सिंह को बीते दिनों एसओजी और शहर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान गोली मारकर घायल कर दिया था। पुलिस का दावा है कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की गई, जिसके दौरान जवाबी कार्रवाई में गोली चली।
हालांकि, परिजनों का आरोप इससे बिल्कुल उलट है। उनका कहना है कि अभिषेक सिंह को घर से उठाया गया और बाद में मुठभेड़ का रूप देकर गोली मारी गई। इस बीच सोशल मीडिया पर कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें परिजन फर्जी एनकाउंटर का आरोप लगाते नजर आ रहे हैं।
घटना के बाद से स्थानीय स्तर पर विरोध तेज है। भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी बनी हुई है, जबकि विपक्ष भी इस मुद्दे पर हमलावर है।
फिलहाल पुलिस अपनी कार्रवाई को सही ठहरा रही है, लेकिन बढ़ते आरोप और सियासी दबाव के बीच यह मामला अब निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता की कसौटी पर खड़ा है।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!