राजनीति

West Bengal Elections 2026: ‘ममता बनर्जी सरकार को उखाड़ फेंकना है’, कोलकाता में आयोजित मेगा रोड शो में अमित शाह की हुंकार!

Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले राज्य में राजनीतिक गर्मी चरम पर पहुंच गई है. मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य में सत्तारूढ़ ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सरकार पर लगातार हमलावर है. इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी गुरुवार (2 अप्रैल, 2026) से बंगाल चुनाव में अपना मोर्चा संभाल लिया है. उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने पूरी तरह से अपना मन बना लिया है कि अब राज्य में सत्तारूढ़ ममता बनर्जी की सरकार को उखाड़ फेंकना है.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार (2 अप्रैल, 2026) को भवानीपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी और नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के नामांकन के लिए पश्चिम बंगाल पहुंचे. भवानीपुर में सुवेंदु अधिकारी के नामांकन से पहले अमित शाह ने राजधानी कोलकाता में एक मेगा रोड शो किया. इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) को ललकारते हुए कहा कि मैं विधानसभा चुनाव के लिए अगले 15 दिन बंगाल में ही रहने वाला हूं.

अमित शाह ने कोलकाता में किया रोड शो

कोलकाता में रोड शो के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनता को संबोधित किया. उन्होंने कहा मैं विधानसभा चुनाव के लिए अगले 15 दिन तक बंगाल में हीं रहने वाला हूं. इस दौरान आप सभी के साथ बातचीत करने के बहुत मौके मिलने वाले हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं विशेषकर सुवेंदु अधिकारी के नामांकन के लिए आया हूं, लेकिन मुझे बंगाल में हर जगह एक ही आवाज सुनाई दे रही है- इस सरकार को बदल दो और ममता को टाटा-बाय बाय कर दो.’

अमित शाह ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल की जनता महिलाओं की असुरक्षा की त्रस्त है, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के गुंडो से त्रस्त है, घुसपैठियों के कारण बदल रही डेमोग्राफी से त्रस्त है और राज्य में हो रहे भ्रष्टाचार से त्रस्त है. जनता मांग कर रही है कि बंगाल में अब परिवर्तन होना चाहिए. पश्चिम बंगाल के बॉर्डर को सील कर के घुसपैठियों को चुन-चुनकर देश से बाहर निकालना है और गुरू के सपनों का सोनार बांग्ला बनाना है.’

जनता भवानीपुर की सीट दिला दे, फिर बदलाव देंखेः अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ‘अगर भवानीपुर की जनता एक ही सीट दिला दे तो परिवर्तन अपने आप हो जाएगा. सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम से लड़ना चाहते थे, लेकिन मैंने कहा कि ममता के घर में घुसकर हराओ. इस बार ममता बंगाल में भी हारेगी और भवानीपुर में भी हारेगी.’

उन्होंने कहा, ‘भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या करने वालों को जेल में डालना चाहिए. कुछ लोगों ने कहा कि टीएमसी के गुंडे वोट नहीं करने देंगे. मैंने कहा कि किसी टीएमसी के गुंडे की औकात नहीं है कि बंगाल की जनता को रोक सके. टीएमसी को मूल से उखाड़ कर बंगाल की खाड़ी में फेंक देना है. यहां घुसपैठ इतनी ज्यादा है कि पश्चिम बंगाल का अस्तित्व ही खतरे में आ गया है. 2014 से बाद जिन राज्यों ने मोदी पर भरोसा करके भाजपा की सरकार बनाई, वो राज्य विकास कर रहे हैं.’

यह भी पढ़ेंः बंगाल में SIR अफसरों को बंधक बनाने को लेकर SC फटकार पर टूटी ममता की नींद, जानें क्या है रिएक्शन

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!