HS फूलका का BJP में जाना: 2027 पंजाब चुनाव से पहले सिख राजनीति, नैरेटिव और समीकरणों का बड़ा रीसेट?

दिल्ली में वरिष्ठ वकील और मानवाधिकार कार्यकर्ता हरविंदर सिंह फूलका का बीजेपी में शामिल होना सिर्फ एक राजनीतिक खबर नहीं है. यह पंजाब की राजनीति में बदलते नैरेटिव का संकेत है. करीब सात साल की सक्रिय राजनीति से दूरी के बाद उनकी वापसी, और वह भी बीजेपी के साथ, कई स्तरों पर सवाल और संभावनाएं दोनों पैदा करती है. यह कदम ऐसे समय आया है, जब बीजेपी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पंजाब में अपनी सामाजिक और राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है.
फूलका का ‘मोरल कैपिटल’: BJP के लिए क्यों अहम?
HS फूलका की पहचान एक राजनेता से पहले एक कानूनी योद्धा की रही है. 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के लिए दशकों तक लड़ाई लड़ना, कई मामलों को फिर से खुलवाना और दोषियों को सजा दिलाना, इन सबने उन्हें सिख समाज में एक विश्वसनीय चेहरा बनाया. BJP के लिए फूलका की एंट्री इसी ‘मोरल कैपिटल’ को जोड़ने की कोशिश है. खासकर उस राज्य में, जहां पार्टी की पारंपरिक पकड़ कमजोर रही है.
BJP का सिख आउटरीच: एक लंबी रणनीति
फूलका का BJP में आना किसी एक दिन का फैसला नहीं लगता. यह उस रणनीति का हिस्सा है, जिस पर पार्टी पिछले कुछ वर्षों से काम कर रही है. 2021 में मनजिंदर सिंह सिरसा और हरमीत सिंह जैसे नेताओं को पार्टी में शामिल करना इसी दिशा में पहला कदम था. दिल्ली में इसका असर भी दिखा, जहां सिख वोटरों में भारतीय जनता पार्टी की पकड़ मजबूत हुई. अब BJP उसी मॉडल को पंजाब में दोहराने की कोशिश कर रही है, ताकि संगठन के साथ-साथ पंथिक नेतृत्व में भी प्रभाव बढ़ाया जा सके.
अकाली दल का संकट: BJP के लिए अवसर
पंजाब की राजनीति में लंबे समय तक सिख नेतृत्व का केंद्र रहे शिरोमणी अकाली दल अब कमजोर दौर से गुजर रहे हैं. चुनावी प्रदर्शन में गिरावट और आंतरिक गुटबाजी ने पार्टी की पकड़ ढीली की है. फूलका खुद 2024 में अकाली दल से जुड़ने वाले थे, लेकिन इंटरनल प़लिटिक्स और कई सारे धड़ों के आपसी गुटबाजी के चलते उनका यह कदम अधूरा रह गया. यही राजनीतिक खाली जगह अब BJP के लिए अवसर बन रही है. पार्टी सिख चेहरों को आगे लाकर अकाली दल के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगाने की रणनीति पर काम कर रही है, जिसमें फूलका अहम कड़ी बन सकते हैं. साथ ही कैप्टन अमरिंदर सिंह के बाद कांग्रेस के कमजोर पड़ने से बना वैक्यूम भी BJP के लिए नई संभावनाएं खोल रहा है.
AAP के लिए चुनौती: नैरेटिव बनाम गवर्नेंस
पंजाब में फिलहाल सत्ता आम आदमी के पास है. AAP ने 2022 में ‘परिवर्तन’ और ‘ईमानदार राजनीति’ के नैरेटिव पर जीत हासिल की थी. लेकिन एच एस फूलका जैसे नेता, जो कभी AAP का अहम चेहरा थे और बाद में उससे अलग हो गए, अब BJP में शामिल हो रहे हैं. यह AAP के नैरेटिव को चुनौती देता है.
फूलका का अतीत AAP के साथ जुड़ा रहा है, लेकिन उनका पार्टी छोड़ना और अब BJP में जाना इस बात का संकेत देता है कि पंजाब की राजनीति में वैचारिक और रणनीतिक दोनों स्तरों पर बदलाव जारी है.
बीजेपी के प्रति क्या बदलेगा सिख वोट का रुख?
पंजाब की राजनीति में सिख वोट निर्णायक भूमिका निभाता है. अब तक BJP को अक्सर ‘बाहरी’ पार्टी के तौर पर देखा जाता रहा है, खासकर कृषि कानूनों के विवाद के बाद यह दूरी और बढ़ी. ऐसे में फूलका जैसे चेहरे की एंट्री BJP को एक ‘इनसाइडर’ नैरेटिव बनाने में मदद कर सकती है. हालांकि, यह बदलाव कितना गहरा होगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि पार्टी जमीनी स्तर पर कितनी स्वीकार्यता बना पाती है.
फूलका का राजनीतिक सफर: भरोसे और विरोधाभासों की कहानी
फूलका का राजनीतिक सफर भी दिलचस्प रहा है. 2013 में AAP से जुड़ना, 2017 में चुनाव जीतना और फिर अचानक इस्तीफा देना. यह दिखाता है कि उन्होंने हमेशा अपने सिद्धांतों को प्राथमिकता दी. बेअदबी मामलों में न्याय की धीमी प्रक्रिया से नाराज होकर राजनीति छोड़ना और फिर सामाजिक-न्याय के मुद्दों पर सक्रिय रहना, यह उनकी छवि को और मजबूत करता है. लेकिन यही सवाल भी उठता है- क्या वही फूलका, जो राजनीति से निराश होकर बाहर निकले थे, अब BJP के साथ उसी ऊर्जा से काम कर पाएंगे?
2027 का रोडमैप: BJP की नई सोशल इंजीनियरिंग
पंजाब में 2027 का चुनाव BJP के लिए सिर्फ सीटों की लड़ाई नहीं, बल्कि स्वीकार्यता की परीक्षा होगा. फूलका की एंट्री इसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है, जहां पार्टी जातीय और धार्मिक पहचान के साथ ‘विश्वसनीय चेहरों’ को जोड़कर नया सामाजिक समीकरण बनाने की कोशिश कर रही है. यह रणनीति तीन स्तरों पर काम करती दिख रही है. सिख नेतृत्व में भरोसा बढ़ाना, अकाली दल के कमजोर होते आधार को टारगेट करना, और आम आदमी पार्टी के नैरेटिव को चुनौती देना. लेकिन रास्ता आसान नहीं है. पंजाब में BJP की ऐतिहासिक पकड़ सीमित रही है और कृषि कानूनों के बाद बनी नकारात्मक धारणा अभी भी असर डालती है. सिख राजनीति में गहरी जड़ें रखने वाले दलों के बीच जगह बनाना बड़ी चुनौती है. ऐसे में सिर्फ चेहरे जोड़ना काफी नहीं होगा, पार्टी को जमीनी स्तर पर भरोसा भी बनाना होगा. फूलका की एंट्री एक बड़ा संकेत जरूर है, लेकिन यह बदलाव की शुरुआत है या सिर्फ रणनीतिक चाल-इसका जवाब आने वाला समय ही देगा. फिलहाल इतना साफ है कि 2027 से पहले पंजाब में नैरेटिव की जंग तेज हो चुकी है.



