Assam Election: ‘माफियाओं और गिरोहों के चंगुल में…’, असम में हिमंता बिस्वा सरमा पर भड़कीं प्रियंका गांधी, कहा- एक ही परिवार…

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर बुधवार को निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इस संसाधन संपन्न राज्य में ‘केवल एक परिवार सब कुछ लूट रहा है, जबकि आम लोगों के पास कुछ भी नहीं है.’
वाड्रा ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार लोगों को डरा-धमकाकर काम कर रही है. विपक्ष के नेता और पार्टी के उम्मीदवार देबब्रत सैकिया के समर्थन में नाजिरा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला किया और उन पर अमेरिका के लिए काम करने का आरोप लगाया.
असम में एक ही परिवार लूट रहा: प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने दावा किया, ‘असम में एक परिवार सब कुछ लूट रहा है और जब वे लूटपाट नहीं कर रहे होते हैं तो खदानें, जमीनें और हर संपत्ति बड़े उद्योगपतियों को सौंप दी जाती है.’
उन्होंने असम में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाते हुए शारदा, स्मार्ट सिटी और एनसी हिल्स जैसे कई पुराने घोटालों का मुद्दा उठाया. कांग्रेस महासचिव ने दावा किया, ‘भाजपा ने कहा था कि उसने डबल इंजन वाली सरकार दी है. असल में यह दोहरी गुलामी वाली सरकार है. प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका की गुलामी में लगे हैं और हिमंता बिस्वा सरमा मोदी की गुलामी कर रहे हैं.’
चाय बागान के श्रमिकों की नहीं बढ़ी मजदूरी: प्रियंका
प्रियंका गांधी ने दावा किया कि यह सरकार चाय बागान श्रमिकों की दैनिक मजदूरी बढ़ाने के वादे को पूरा करने में नाकाम रही है. उन्होंने कहा कि बागानों के लोग संघर्ष कर रहे हैं. वायनाड सांसद ने कहा, ‘विभिन्न जनजातीय समुदाय के लोग अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिए जाने की वर्षों से मांग कर रहे हैं. भाजपा ने उन्हें अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने का वादा किया था, लेकिन वे ऐसा करने में विफल रहे.’
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि असम की महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, विशेष रूप से प्रमुख गरीबी उन्मूलन योजना ‘अरुणोदय’ से उनके नाम हटाने की धमकी देकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की रैलियों में जबरन शामिल होने के लिए मजबूर किया जाता है. वाड्रा ने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री हिमंता डर पैदा करके और धमकियों के बल पर देश और राज्य पर शासन कर रहे हैं. हमारी लड़ाई इसी डर के खिलाफ और असम की संस्कृति और सभ्यता की रक्षा के लिए है.’
माफियाओं के चंगुल में है असम: प्रियंका
अपनी पार्टी के उम्मीदवार बिपुल गोगोई के समर्थन में तिंगखोंग में अपनी दूसरी चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि असम के पास भूमि, खदानें, इतिहास, प्रकृति, वन और हर प्रकार का अन्य संसाधन हैं. उन्होंने वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘इस भूमि ने आपको सब कुछ दिया है, लेकिन फिर भी आप लोगों के पास कुछ नहीं है. असम में केवल एक ही परिवार समृद्ध है.’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि राज्य ‘माफियाओं और गिरोहों’ के चंगुल में है और सरकार लोगों को धमकाकर काम कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि लोकप्रिय संगीतकार जुबिन गर्ग असम की आवाज थे और उन्होंने भाईचारे, एकता और प्रेम के लिए गीत गाए थे. गर्ग की पिछले साल सितंबर में सिंगापुर में तैरते समय मृत्यु हो गई थी.
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘असम सरकार ने उनके परिवार को न्याय नहीं दिलाया. हम ऐसी सरकार चाहते हैं जो जुबिन गर्ग को 100 दिनों के भीतर न्याय दिलाए.’ असम विधानसभा की 126 सीट के लिए मतदान नौ अप्रैल को होगा और परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे.



