राजनीति

अल्पसंख्यकों पर ‘डैमोक्लीज़ की तलवार’, वेणुगोपाल का FCRA बिल पर हमला, केरल के ईसाई बहुल इलाकों में राहुल गांधी का प्रचार 

Kerala Election 2026: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक (एफसीआरए) की कड़ी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि यह अल्पसंख्यक समुदायों को निशाना बनाने वाला कदम है. उन्होंने इसे “डैमोक्लीज़ की तलवार” करार देते हुए कहा कि यह खास तौर पर ईसाई समुदायों को नियंत्रण में लाने के लिए लाया गया है.

यह बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी केरल के ईसाई बहुल इलाकों में दो दिवसीय चुनाव प्रचार अभियान चला रहे हैं. वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा कि सरकार ने यह विधेयक पर्याप्त चर्चा और सूचना के बिना लोकसभा में पेश किया.

उन्होंने दावा किया कि पार्टी सांसद मनीष तिवारी ने विधेयक के प्रावधानों में खामियों की ओर ध्यान दिलाया, जिसके बाद ही इसके विवरण सामने आए. इसके बावजूद इसे पेश किया गया.

वेणुगोपाल ने कहा कि प्रस्तावित प्रावधान “कठोर” हैं और इससे सामाजिक एवं धर्मार्थ संगठनों के कामकाज पर गंभीर असर पड़ेगा. उन्होंने उन प्रावधानों पर आपत्ति जताई जिनके तहत एफसीआरए लाइसेंस रद्द होने पर केंद्र सरकार संबंधित संस्थाओं और उनकी संपत्तियों पर नियंत्रण कर सकती है.उन्होंने चेतावनी दी कि वक्फ संशोधन विधेयक की तरह अन्य अल्पसंख्यक समुदायों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को भी ऐसे कानूनों के दायरे में लाया जा सकता है और विधेयक को तुरंत वापस लेने की मांग की.

राजनीतिक हलकों में वेणुगोपाल के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के पक्ष में ईसाई मतदाताओं को साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.

इस बीच, राहुल गांधी ने सोमवार को राज्य के कई महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार किया और मंगलवार को उत्तरी केरल में रोड शो करने वाले हैं. कांग्रेस और यूडीएफ ने चुनाव में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और वरिष्ठ नागरिकों के लिए मासिक सहायता जैसी कल्याणकारी योजनाओं का वादा किया है.

वेणुगोपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने अपने हालिया केरल दौरे के दौरान सबरीमला स्वर्ण मामले पर चुप्पी साधे रखी. उन्होंने छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में ननों और पादरियों से जुड़े घटनाओं का उल्लेख करते हुए अल्पसंख्यकों पर हमले का भी आरोप लगाया.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!