आजमगढ़

Azamgarh encounter:आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़:गोवध व पशु चोरी में शामिल दो आरोपी घायल,गिरफ्तार

आजमगढ़, 26 मार्च 2026। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में गोवध और पशु चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम बम्हौर में प्रतिबंधित पशु के बछड़े की चोरी कर उसका वध कर मांस बेचने वाले दो शातिर अभियुक्तों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, 21 मार्च 2026 को ग्राम बम्हौर निवासी उषा देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात लोगों ने उनके आम के बाग से बछड़े की चोरी कर उसकी हत्या कर दी और मांस वहीं फेंक दिया। इस मामले में थाना मुबारकपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान इमरान (28) और कासिद (21) का नाम सामने आया।

घेराबंदी के बाद मुठभेड़

25/26 मार्च की रात प्रभारी निरीक्षक शशि मौलि पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गजहड़ा स्थित बावन बीघा मैदान के पास घेराबंदी की। इस दौरान बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे।

पीछा करने पर उनकी मोटरसाइकिल गिर गई, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद फायरिंग जारी रही, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दोनों आरोपियों के दाहिने पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल अभियुक्तों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

अवैध असलहे और चोरी की बाइक बरामद

पुलिस ने मौके से दो अवैध .315 बोर तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल (फर्जी नंबर प्लेट सहित) बरामद की है। बरामद बाइक को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।

संगठित तरीके से करते थे अपराध

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में क्षेत्र की रेकी करते थे और रात में पशु चोरी कर सुनसान स्थानों पर गोवध करते थे। इसके बाद मांस को 400-500 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचते थे। पहचान छिपाने के लिए चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे और लगातार ठिकाने बदलते रहते थे।

पुलिस टीम को मिली सफलता

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शशि मौलि पाण्डेय के साथ उपनिरीक्षक आशुतोष मौर्य, वरिष्ठ उप निरीक्षक मुरारी मिश्रा, वीरेन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार सिंह, भानु पाण्डेय, रविन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल अरुण कुमार, सूरज यादव, केशर यादव, दुर्गेश गौड़, संदीप शर्मा, बृजमोहन और इरशाद अंसारी शामिल रहे।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!