आजमगढ़

Azamgarh News: लगभग 6 माह के मासूम का शव मिलने से सनसनी, इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना, जांच में जुटी पुलिस

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

लगभग 6 माह के मासूम का शव मिलने से सनसनी, इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना, जांच में जुटी पुलिस

आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। विजरवा गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के अंडरपास के नीचे सर्विस लेन पर लगभग 6 माह के एक नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मासूम की यह दर्दनाक स्थिति देख हर किसी की आंखें नम हो गईं और इंसानियत पर सवाल खड़े हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 10:00 बजे एक राहगीर की नजर अंडरपास के नीचे पड़े शिशु के शव पर पड़ी। पहले तो उसे विश्वास नहीं हुआ, लेकिन पास जाकर देखने पर मामला स्पष्ट हो गया। यह खबर आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। हर कोई इस दर्दनाक मंजर को देखकर स्तब्ध था और मन ही मन सवाल कर रहा था कि आखिर इस मासूम का क्या कसूर था।
सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना अध्यक्ष एवं बनकट चौकी इंचार्ज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच इस बात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कोई इसे बेरहमी की हद बता रहा था तो कोई सामाजिक संवेदनहीनता पर चिंता जता रहा था। मासूम के शव को जिस हाल में पाया गया, उसने हर किसी के दिल को झकझोर कर रख दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर इस मासूम को यहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!