आजमगढ़ में सार्वजनिक स्थान पर खड़ी पुलिस की गाड़ी के सामने रील बनाने वाला युवक गिरफ्तार


आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता एक बार फिर देखने को मिली। सोशल मीडिया पर सार्वजनिक स्थान पर थाने की गाड़ी के सामने रील बनाकर वायरल करने वाले युवक को गंभीरपुर पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया।जानकारी के अनुसार दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो में एक युवक गंभीरपुर थाने की सरकारी गाड़ी के सामने बेखौफ अंदाज में रील बनाते हुए दिखाई दे रहा था। युवक ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया था, जिसके बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।मामला संज्ञान में आने के बाद गंभीरपुर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने तत्काल इसकी जांच के निर्देश दिए। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया कि संबंधित वाहन गैरेज में मरम्मत के लिए गया हुआ था, उसी दौरान युवक ने वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया।जांच के बाद पुलिस ने वीडियो बनाने वाले आरोपी सलमान पुत्र घूरे, निवासी दौलतपुर थाना निजामाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।गौरतलब है कि जब से थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह ने गंभीरपुर थाने का कार्यभार संभाला है, तब से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अपराधियों, उचक्कों और हिस्ट्रीशीटरों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग भी की जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि थानाध्यक्ष की सक्रिय कार्यशैली के चलते क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण देखने को मिल रहा है और पुलिस की सख्ती से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।



