बंगाल से असम तक: क्या इन 5 राज्यों में पलटेगी सत्ता? ओपिनियन पोल के चौंकाने वाले आंकड़े आए सामने

पांच राज्यों में होने वाले चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान हो गया है. पश्चिम बंगाल में दो फेज में इलेक्शन होगा. वहीं, असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु में एक चरण में वोट डाले जाएंगे. इलेक्शन में किस पार्टी को जीत मिलेगी, इसका पता तो 4 मई को आने वाले नतीजे ही बताएंगे, लेकिन इससे पहले MATRIZE-IANS ने चुनावी मूड जानने के लिए ओपिनियन पोल किया है. जानिए पश्चिम बंगाल से लेकर असम और तमिलनाडु तक किस पार्टी का पलड़ा भारी दिख रहा है.
पश्चिम बंगाल चुनाव; MATRIZE-IANS ओपिनियन पोल
पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं. बहुमत हासिल करने के 148 सीटों की जरूरत होगी. MATRIZE-IANS के ओपिनियन पोल के मुताबिक, ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस फिर से सत्ता में वापसी कर सकती है. ऐसा होता है तो TMC लगातार चौथी बार बहुमत के साथ सत्ता पर काबिज होने में कामयाब रहेगी. ओपिनियन पोल के मुताबिक तृणमूल कांग्रेस को 155 से 170 सीटें मिल सकती हैं. जबकि बीजेपी के खाते में 100 से 115 सीटें जाने का अनुमान है. वहीं ओपिनियन पोल में AIMIM को 5-6 और अन्य को 0-1 सीट मिलने का अनुमान है.
असम चुनाव; MATRIZE-IANS ओपिनियन पोल
MATRIZE-IANS के ओपिनियन पोल के अनुसार आगामी असम विधानसभा चुनाव में फिर से प्रचंड बहुमत के साथ बीजेपी सत्ता में वापसी कर सकती है. बीजेपी को 96-98 सीटें, कांग्रेस को 26-28 सीटें और AIUDF को 1-5 सीटें मिलने का अनुमान है, इसके अलावा अन्य के खाते में 1-3 सीटें जाने का अनुमान जताया गया है. पोल के मुताबिक बीजेपी के मुकाबले कांग्रेस और AIUDF का प्रदर्शन कमजोर नजर आ सकता है.
तमिलनाडु चुनाव; MATRIZE-IANS ओपिनियन पोल
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में भी एनडीए गठबंधन को बढ़त मिलने का अनुमान ओपिनियन पोल में जताया गया है. MATRIZE-IANS के ओपिनियन पोल के मुताबिक, तमिलनाडु में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में AIADMK और BJP गठबंधन को बहुमत मिल सकता है. पोल में एनडीए को 114 से 127 सीटें, और डीएमके को 104 से 114 सीटें और टीवीके को 6 से 12 सीटें मिल सकती हैं.
बता दें कि तमिलनाडु में अभी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) की सरकार है. एमके स्टालिन राज्य के मुख्यमंत्री हैं. तमिलनाडु की राजनीति मुख्य रूप से AIADMK और DMK के बीच घूमती रही है. 2021 के चुनाव में डीएमके गठबंधन को 159 सीटें मिली थीं. वहीं, AIADMK गठबंधन 75 सीटों पर सिमट गया था.
केरल चुनाव; MATRIZE-IANS ओपिनियन पोल
MATRIZE-IANS के ओपिनियन पोल के मुताबिक केरल में होने वाले विधानसभा चुनाव में कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है. केरल में कुल 140 विधानसभा की सीटें हैं. ओपिनियन पोल में LDF को 61-71 सीटें, UDF को 58-69 सीटें और बीजेपी को दो सीटें का अनुमान लगाया गया है. बता दें कि सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) का नेतृत्व CPI(M) करती है जबकि विपक्षी संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF), जिसका नेतृत्व कांग्रेस करती है.
साल 2021 में केरल में LDF गठबंधन ने 99 सीटों पर जीत दर्ज करके सरकार बनाई थी. वहीं यूडीएफ (कांग्रेस गठबंधन) को 41 सीटें मिली थीं. यह देश का इकलौता राज्य है, जहां लेफ्ट सत्ता पर काबिज है.
बंगाल में ममता लगाएंगी जीत का चौका या पहली बार खिलेगा कमल? जानें ओपिनियन पोल ने किस पार्टी को दी कितनी सीटें



