खेल

IND vs NZ T20I World Cup Final: भारत-न्यूजीलैंड के बीच टी20 में सिर्फ इन 4 बल्लेबाजों ने लगाए शतक, लिस्ट में कितने भारतीय शामिल

IND vs NZ T20I Record: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबले में आज भारत और न्यूजीलैंड की टीमों में खिताबी जंग होगी. यह हाईवोल्टेज मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. इस महामुकाबले से पहले दोनों टीमों के बीच टी20 इंटरनेशनल में बने कई दिलचस्प रिकॉर्ड चर्चा में हैं. इनमें सबसे खास रिकॉर्ड उन बल्लेबाजों का है जिन्होंने भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 मुकाबलों में शतक लगाए हैं.

अब तक दोनों टीमों के बीच टी20 इंटरनेशनल मैचों में सिर्फ चार बल्लेबाज ही शतक लगाने में सफल हुए हैं. इनमें न्यूजीलैंड के एक बल्लेबाज और भारत के तीन खिलाड़ी शामिल हैं. इन खिलाड़ियों ने अपनी शानदार पारियों से मुकाबलों को यादगार बनाया है.

कॉलिन मुनरो ने लगाया पहला शतक

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 इंटरनेशनल में पहला शतक न्यूजीलैंड के बल्लेबाज कॉलिन मुनरो ने लगाया था. उन्होंने 4 नवंबर 2017 को राजकोट में खेले गए मुकाबले में 58 गेंदों पर नाबाद 109 रन की शानदार पारी खेली थी. मुनरो ने अपनी इस पारी में सात चौके और सात छक्के लगाए थे. उनका स्ट्राइक रेट करीब 188 का रहा था. उनकी इस आक्रामक बल्लेबाजी ने उस मैच को काफी रोमांचक बना दिया था.ट

सूर्यकुमार यादव की तूफानी पारी

भारत के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने भी न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में शतक लगाया है. उन्होंने 20 नवंबर 2022 को माउंट माउंगानुई में 51 गेंदों पर नाबाद 111 रन बनाए थे. सूर्यकुमार यादव की यह पारी बेहद शानदार रही थी. इस दौरान उन्होंने 11 चौके और सात छक्के लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 217 से ज्यादा का रहा. इस पारी को टी20 क्रिकेट की बेहतरीन पारियों में गिना जाता है.

शुभमन गिल का अहमदाबाद में कमाल

भारत के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने 1 फरवरी 2023 को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ 63 गेंदों पर नाबाद 126 रन बनाए थे. गिल की यह पारी काफी खास रही क्योंकि उन्होंने बड़े शॉट्स के साथ शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया था. इस पारी में उन्होंने 12 चौके और सात छक्के लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा.

ईशान किशन का हालिया शतक

हाल ही में भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने भी इस खास लिस्ट में जगह बना ली हैं. उन्होंने 31 जनवरी 2026 को तिरुवनंतपुरम में न्यूजीलैंड के खिलाफ 43 गेंदों पर 103 रन की तेज पारी खेली थी. ईशान किशन ने इस पारी में छह चौके और 10 छक्के लगाए थे. उनका स्ट्राइक रेट करीब 240 का रहा, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है.

फाइनल में फिर बन सकते हैं नए रिकॉर्ड

अब जब दोनों टीमें टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में आमने-सामने होंगी, तो फैंस को एक बार फिर बड़ी पारियों की उम्मीद रहेगी. अहमदाबाद का मैदान बड़े स्कोर के लिए जाना जाता है और ऐसे में बल्लेबाजों के पास नया रिकॉर्ड बनाने का मौका भी होगा.  

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!