हरदोई: एकतरफा प्यार में छात्रा पर बांके से हमला, पुलिस एनकाउंटर में आरोपी को लगी गोली

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एकतरफा प्यार और सनक की एक खौफनाक वारदात सामने आई है. शादी से इनकार करने पर एक सिरफिरे युवक ने इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर लौट रही 18 वर्षीय छात्रा पर बांके (धारदार हथियार) से जानलेवा हमला कर दिया. वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन हथियार बरामदगी के दौरान वह पुलिस की राइफल छीनकर भागने लगा. इसके बाद हुई पुलिस मुठभेड़ (Encounter) में आरोपी के पैर में गोली लगी है. इस क्रॉस-फायरिंग में एक सिपाही भी घायल हुआ है.
यह दिल दहला देने वाली घटना लोनार थाना क्षेत्र की है. 18 वर्षीय छात्रा अपनी इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा देकर एक सहेली के साथ बाइक से घर लौट रही थी. इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपी पंकज (निवासी असलापुर, कोतवाली क्षेत्र) ने उन्हें रोक लिया. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बौखलाए पंकज ने छात्रा के सिर पर बांके से ताबड़तोड़ वार कर दिए. लहूलुहान अवस्था में छात्रा को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका सघन इलाज जारी है.
शादी का बना रहा था दबाव, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
पीड़िता के परिजनों के अनुसार, आरोपी पंकज लंबे समय से छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था. छात्रा द्वारा स्पष्ट इनकार करने के बावजूद वह लगातार उसका पीछा कर रहा था. परिवार का आरोप है कि उन्होंने सोमवार को ही पुलिस चौकी में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया. समय रहते कार्रवाई न करने के कारण आरोपी के हौसले बुलंद हो गए. इस घोर लापरवाही पर कड़ा संज्ञान लेते हुए एएसपी (ASP) ने संबंधित चौकी इंचार्ज और हेड मोहर्रिर के निलंबन की कार्रवाई शुरू कर दी है.
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस मुठभेड़
वारदात के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पंकज को हिरासत में ले लिया. जब पुलिस टीम उसे लेकर वारदात में इस्तेमाल किया गया ‘बांका’ बरामद करने जा रही थी, तभी मौका पाकर आरोपी ने सिपाही रोहित की राइफल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने लगा. जवाबी कार्रवाई और घेराबंदी के दौरान पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा. इस मुठभेड़ में सिपाही रोहित भी जख्मी हुए हैं. दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.



