CSN कॉलेज के समारोह में पहुंचे ब्रजेश पाठक, स्थानीय भाषा में छात्रों को दिया सफलता का मंत्र

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने हरदोई जिले के सीएसएन पीजी कॉलेज (CSN PG College) में आयोजित हीरक जयंती समारोह के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की. इस दौरान डिप्टी सीएम एक राजनेता से ज्यादा एक ‘अध्यापक’ और ‘अभिभावक’ की भूमिका में नजर आए. उन्होंने मंच से ठेठ हरदोई की भाषा (स्थानीय बोली) में अपना संबोधन देकर वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया और युवाओं में जोश भरा.
समारोह को संबोधित करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि वह यहां कोई औपचारिक भाषण देने नहीं आए हैं, बल्कि अपने परिवार के बीच आए हैं. उन्होंने कॉलेज के संस्थापक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. मोहनलाल वर्मा को नमन करते हुए कहा कि समय के साथ हरदोई ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन इस शहर की पहचान और मूल आत्मा आज भी कायम है.
युवाओं को दिया सफलता का मंत्र: ‘हमें सब कुछ चाहिए’
छात्रों से सीधे संवाद करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा, “भारत के नौजवानों, कल तुम्हारे हाथ में है. अपनी किस्मत अपने हाथों से लिखने से तुम्हें कोई नहीं रोक सकता.” उन्होंने छात्रों से इतिहास से लेकर विज्ञान तक, हर विषय में महारत हासिल करने का आह्वान किया. उन्होंने जोर देकर कहा, “हमें सब कुछ चाहिए! जिस दिन सब कुछ तुम्हारे हाथ में हो जाएगा, नौकरियां तुम्हारे पीछे घूमेंगी और समाज तुम्हें सिर आंखों पर बिठाएगा.”
कबीर, सूरदास और मुंशी प्रेमचंद का दिया उदाहरण
छात्रों को भारतीय साहित्य और महापुरुषों के महत्व से अवगत कराते हुए उन्होंने कहा कि इतिहास पर नजर डालो— मुंशी प्रेमचंद, सूरदास और कबीरदास जैसे महान व्यक्तित्व आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं. इसके साथ ही उन्होंने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद का स्मरण करते हुए युवाओं से महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया.
उन्होंने छात्रों को संदेश दिया कि सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने से सफलता अवश्य कदम चूमती है. कार्यक्रम के अंत में डिप्टी सीएम ने कॉलेज के मेधावी छात्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया.



