राज्य

गाजियाबाद: सत्यम पंडित गिरफ्तार, नॉनवेज बेच रहे दुकानदार को धमकी देने का Video हुआ था वायरल

दिल्ली से सटे गाजियाबाद में सत्यम पंडित नाम के शख्स को शांति भंग करने के आरोप में अरेस्ट किया गया है. सत्यम पंडित से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा था, जो बीते मंगलवार (24 फरवरी) का बताया जा रहा है. इस वीडियो में सत्यम एक मुस्लिम दुकानदार को मीट की दुकान बंद करने की धमकी दे रहा है. वह मुस्लिम बुजुर्ग को धमकाते हुए कह रहा है- तुमको पता नहीं है आज मंगलवार है. मंगल को मीट की दुकान खोलने की परमिशन किसने दी? बंद करो वरना आग लगा दूंगा.

मामला थाना कोतवाली के कैला भट्टा इलाके का है. वीडियो वायरल होने के बाद गाजियाबाद पुलिस ने खुद मामले का संज्ञान लिया और सत्यम पंडित के खिलाफ एक्शन लेते हुए उसे अरेस्ट कर लिया. 

‘बाबू मुगलई’ दुकान के मालिक ने क्या बताया?

गाजियाबाद में ‘बाबू मुगलई’ नाम की यह दुकान साल 1995 से वहीं है और यहां रोजाना नॉन वेज बेचा जाता है. दुकान में काम करने वाले एक कर्मचारी ने बताया कि यह दुकान बीते 15-16 साल से यहीं पर चल रही है. इससे पहले कुछ साल हम ठेला लगाते थे. 

दुकान मालिक ने बताया कि जब सत्यम पंडित धमकाने आया था, उस समय वह दुकान पर नहीं थे लेकिन उनके लड़कों ने उन्हें फोन कर के बताया कि दुकान पर एक लड़का आया था और धमकी दे रहा था. वह पूछ रहा था कि मंगलवार को दुकान खोलने की परमिशन मिली है या नहीं? दुकान पर लड़के नए थे. वे घबरा गए. अगर मैं होता तो पूछता कि खोलने की परमिशन मिलती है, बंद करने की नहीं. बंद करने की परमिशन ला दो हम बंद कर देंगे. 

कौन है सत्यम पंडित?

अपनी फेसबुक प्रोफाइल पर सत्यम पंडित ने खुद को भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ा हुआ बताया है. राष्ट्र हिंदू वीर सेना नामक हिंदूवादी संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी है. बीते मंगलवार (24 फरवरी) को सत्यम पंडित का जो वीडियो वायरल हुआ था, वह उसने खुद भी अपने फेसबुक पर शेयर किया था और उसमें ‘जय श्रीराम’ का कैप्शन लगाया था. वीडियो के कैप्शन में सत्यम पंडित ने यह दावा किया था कि उसने मंगलवार को कैलाभट्टा की सारी मीट शॉप बंद कराई थीं.

‘अगर सरकार चाहती है कानून का राज हो, तो कार्रवाई करें’- सपा नेता

अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने आरोपी सत्यम पंडित के वीडियो पर कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा, “वीडियो में हमने देखा कि सत्यम पंडित नाम का व्यक्ति गुंडागर्दी कर रहा है. कानूनी रूप से खोली गई मुस्लिम समुदाय के व्यक्ति की दुकान को जबरन बंद करा रहा है. यह गुंडागर्दी का लाइसेंस उसे किसने दिया? क्या उसे यह परमिशन सत्ता पक्ष ने दी.” 

सपा नेता ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्तापक्ष के लोग ऐसे लोगों से गुंडागर्दी करवाते हैं और सद्भाव की भावना को नष्ट करते हैं. ऐसे लोग समाज के लिए खतरनाक हैं. सरकार को ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. अगर सरकार यह चाहती है कि जनता में कानून का राज हो, तो ऐसे लोगों को खुलेआम गुंडागर्दी करने का अधिकार नहीं होना चाहिए. 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!