होली के गीत में विपक्षी नेताओं पर मनोज तिवारी की चुटकी, अब कहा, ‘हमें रिंकिया के पापा…’

बीजेपी सांसद और गायक मनोज तिवारी ने होली के गाने में विपक्ष के नेताओं को निशाना बनाया है. उनके गाने में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सपा चीफ अखिलेश यादव पर तंज किया गया है. इस गाने पर अब मनोज तिवारी ने प्रतिक्रिया भी दी है. एबीपी न्यूज़ से बातचीत में उन्होंने कहा कि होली पर किसी को बुरा नहीं मानना चाहिए. बीजेपी सांसद ने कहा कि वो पहले कई होली पर गाने गा चुके हैं. उन्होंने कहा कि होली पर भाभी से, बहन से, बाबा से या चर्चित लोगों से ही मजाक होता है.
‘होली में कुछ भी बोल दें, मैं बुरा नहीं मानूंगा’
उनके गाने पर अखिलेश यादव ने पलटवार भी किया. इस पर मनोज तिवारी ने कहा, “अखिलेश जी ने बहुत सपोर्टिंग जवाब दिया है. वो होली में कुछ भी बोल दें, मैं बुरा नहीं मानूंगा. टोटी बोला तो बुरा क्यों लगेगा उन्हें? हमें लोग रिंकिया के पापा कहते हैं, हमे बुरा थोड़ी लगता है.” बता दें कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने होली के गाने पर कहा कि मनोज तिवारी पुराने समाजवादी रहे हैं. जो कुछ उन्होंने कहा कि हम उसे स्वीकार करते हैं लेकिन हम कुछ कहेंगे तो उन्हें भी बुरा नहीं मानना चाहिए.
शंकराचार्य विवाद पर क्या बोले मनोज तिवारी?
शंकराचार्य विवाद पर उन्होंने कहा, “ये बहुत गंभीर विषय है. इसपर अभी कुछ नहीं कहना चाहता. इसमें पॉक्सो एक्ट भी आ गया है. आरोप-प्रत्यारोप भी है. हमें कानून पर भरोसा है.”
‘मैंने रवि किशन और निरहुआ से भी मजे लिए हैं’
मनोज तिवारी ने कहा, “मृदुल म्यूजिक हमारा गाना है और अभी मिलियन से ज़्यादा व्यूज हो गए हैं. इसका मतलब लोग भी आनंद ले रहे हैं. मैंने रवि किशन और निरहुआ से भी मजे लिए हैं. ये तो छोटी-छोटी चुटकी है. होलरिया सुनने पर मैं झूमने लगता हूं. यही होली का रंग है.”



