दिल्ली: ड्रग तस्करी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़, UK भेजी जा रही थीं नशीली दवाएं

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस ऑपरेशन में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया और करीब 8 से 9 करोड़ कीमत की 18,47,400 नशीली साइकोट्रोपिक गोलियां बरामद की हैं.
खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस के मुताबिक पूरे मामले की शुरुआत 7 अक्टूबर 2025 को मिली गुप्त सूचना से हुई. इसके आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मदनपुर खादर एक्सटेंशन इलाके में जाल बिछाकर मोहम्मद आबिद नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया. उसके पास से 54,000 ट्रामाडोल टैबलेट बरामद हुईं. इसके बाद पूछताछ और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए पुलिस ने धीरे-धीरे पूरे नेटवर्क की परतें खोल दीं.
दिल्ली समेत कई राज्यों में चल रहा था नशे का कारोबार
दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया कि यह गिरोह दिल्ली समेत कई राज्यों में सक्रिय था और विदेशों तक नशीली दवाओं की सप्लाई करने की कोशिश कर रहा था. पुलिस ने जावेद खान, सुनील कुमार, विष्णु दत्त शर्मा और विकास सिंह उर्फ ईश्वर सिंह को गिरफ्तार किया. एक अन्य आरोपी नौशाद उर्फ बबलू अभी फरार है. जिसे घोषित अपराधी घोषित करने की प्रक्रिया चल रही है.
आरोपी प्रतिबंधित दवाएं UK भेजने की कर रहे थे तैयारी
दिल्ली पुलिस की जांच के दौरान खुलासा हुआ कि गिरोह ने घरेलू सामान के नाम पर एक कंटेनर के जरिए बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं यूनाइटेड किंगडम भेजने की कोशिश की थी. पुलिस ने कस्टम विभाग के साथ मिलकर कंटेनर को रुकवाया, जिसके बाद वह भारत वापस मंगाया गया.
भारी मात्रा में अल्प्राजोलम समेत अन्य प्रतिबंधित दवाएं बरामद
गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में अल्प्राजोलम, ट्रामाडोल, नाइट्राजेपाम और अन्य प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गईं. कुल मिलाकर 528 किलो से ज्यादा वजन की नशीली गोलियां जब्त की गईं. सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है.



