राजस्थान: राज्यवर्धन राठौड़ बोले, ‘2026 में स्किल्ड युवाओं की संख्या होगी एक लाख के पार’

राजस्थान सरकार प्रदेशभर में युवाओं की उद्यमिता और स्किल डेवलपमेंट को लेकर गंभीर रणनीति पर काम कर रही है. मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि वर्ष 2026 तक प्रदेश में स्किल्ड युवाओं की संख्या एक लाख से अधिक करने का लक्ष्य तय किया गया है. सरकार का फोकस केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार सृजन से जोड़ने की दिशा में ठोस नीति बनाई जा रही है.
उन्होंने कहा कि पोकरण क्षेत्र में टेराकोटा उद्योग को बढ़ावा देने जैसी पहले स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर खोलेंगी. साथ ही, राजस्थान के सभी जिलों में युवा उद्यमिता को लेकर विशेष कार्य योजना तैयार की जा रही है. स्किलिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए समिति गठन का निर्णय भी लिया गया है.
युवाओं की स्किलिंग को लेकर किया जाएगा विशेष काम- राज्यवर्धन सिंह राठौड़
राज्य विधानसभा में प्रश्न संख्या 252 के पूरक प्रश्न के तहत पोकरण विधानसभा क्षेत्र में टेराकोटा कार्य को बढ़ावा देने और युवाओं को उद्यम एवं रोजगार उपलब्ध कराने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि पूरे राजस्थान में युवाओं की स्किलिंग को लेकर विशेष काम किया जाएगा. स्पेशलाइज्ड किसी जिले में अगर ऐसा कोई सुझाव आता है किसी विशेष स्किल के बारे में तो निश्चित रूप से उसे देखा जाएगा.
वर्ष 2022 से लेकर 2024 तक 60 हजार युवा हुए ट्रेंड- कर्नल
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि सरकार इस बारे में अच्छा काम कर रही है. वर्ष 2022 और 2024 में 60 हजार युवा ट्रेंड हुए हैं. 2024 और 2026 में यह संख्या बढ़कर एक लाख से पार हो चुकी है. हमारी कोशिश रहेगी कि आगे इसे और बढ़ाएं. हमने 2026 में उद्योग विभाग में एक कमेटी का गठन किया है. कमेटी गैप को स्टडी करेगी कि हमें स्किलिंग को कहां लेकर जाना है. कहां और क्या समस्या आ रही है. राजस्थान के सभी जिलों सहित सीमावर्ती जिलों में विभाग ट्रेनिंग करा पाएं उस पर सरकार का पूरा ध्यान है.
ये भी पढ़िए- Supaul News: बिहार के सुपौल में जिंदा जलकर मां-बेटी की मौत, देर रात धधकी आग, कई घर चपेट में आए



