राज्य

Maharashtra: लव अफेयर से नाराज शख्स ने युवक के पिता को मारी गोली, हालत नाजुक, आरोपी फरार

Maharashtra News: महाराष्ट्र के पालघर जिले में बेटे के लव अफेयर को लेकर बेटे के पिता पर गोली चलाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. यह घटना बोईसर पूर्व के महागांव इलाके में हुई, जहां एक चिकन भुजिंग सेंटर में काम करने वाली लड़की के अपने साथी कर्मचारी के साथ भाग जाने से नाराज होकर सेंटर मालिक ने युवक के पिता पर फायरिंग कर दी. इस हमले में सुरेश वरखड़े नामक व्यक्ति के सिर में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, महागांव इलाके में स्थित चिकन भुजिंग सेंटर पर एक लड़की और एक लड़का साथ काम करते थे. दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और हाल ही में लड़की युवक के साथ घर से भाग गई थी. इस घटना से चिकन भुजिंग सेंटर का मालिक बेहद आक्रोशित हो गया. आरोप है कि उसने इस बात का गुस्सा सीधे युवक के पिता सुरेश वरखड़े पर निकालते हुए उन पर गोली चला दी.

सिर में गोली लगने से हालत नाजुक

गोली लगते ही सुरेश वरखड़े मौके पर ही गिर पड़े और उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत बोईसर के लाइफ लाइन्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक, सिर में गोली लगने के कारण उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.

फरार आरोपी की तलाश तेज

घटना के बाद आरोपी चिकन भुजिंग सेंटर मालिक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही बोईसर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने फायरिंग की योजना पहले से बनाई थी या यह गुस्से में उठाया गया अचानक कदम था. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात के समय वहां कौन-कौन मौजूद था और घटना के पीछे कोई और कारण तो नहीं है.

फिलहाल पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!