महाराष्ट्र: जालना में पुजारी की शर्मनाक हरकत, नाबालिग लड़के का किया यौन शोषण, POCSO में केस दर्ज

महाराष्ट्र के जालना जिले की घनसावंगी तहसील से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है. यहां एक तीर्थस्थल से जुड़े पुजारी पर 13 साल के नाबालिग लड़के के साथ कथित यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है. इस मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
घनसावंगी पुलिस थाने के उपनिरीक्षक एके ढाकने ने बताया कि यह मामला 18 फरवरी को दर्ज किया गया. शिकायत लड़के के पिता ने की है. शिकायत के आधार पर जाम्ब समर्थ इलाके के पुजारी नीलेश शशिकांत कुलकर्णी (28) के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत यौन उत्पीड़न और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से धराशिव जिले की परोदा तहसील के डोनागांव का रहने वाला है और तीर्थस्थल पर पुजारी के रूप में कार्यरत था.
चॉकलेट का लालच देकर कमरे में बुलाने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने नाबालिग बच्चे को चॉकलेट देने का लालच दिया और उसे अपने कमरे में बुलाया. आरोप है कि वहां उसके साथ गलत हरकत की गई. इतना ही नहीं, बच्चे को इस घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी भी दी गई.
परिवार को जब बच्चे के व्यवहार में बदलाव दिखा तो उन्होंने उससे पूछताछ की. इसके बाद पूरी घटना सामने आई और फिर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.
अन्य पीड़ितों की भी तलाश
पुलिस अधिकारी के अनुसार, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं और भी कोई बच्चा इस तरह की हरकत का शिकार तो नहीं हुआ. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और तीर्थस्थल से जुड़े लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है.



