राज्य

Maharashtra: नासिक के जंगल में खून से लथपथ मिला 25 साल की लड़की का शव, पास में मिला पिज्जा बॉक्स

Nashik Crime News: महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है. नासिक-मुंबई हाईवे के किनारे वाडीविरहे पुलिस स्टेशन की सीमा में सरुल शिवार इलाके के एक सुनसान जंगल में करीब 25 साल की लड़की की बेरहमी से हत्या कर दी गई. लड़की की लाश खून से लथपथ हालत में मिलने से पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बन गया है.

मिली जानकारी के मुताबिक, आज सुबह स्थानीय लोगों ने नासिक-मुंबई हाईवे के पास एक सुनसान स्थान पर एक लड़की की लाश देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही वाडीविरहे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया. प्राथमिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि लड़की की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है. शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और भी गहरी हो गई है.

मौके पर मिला पिज़्ज़ा बॉक्स और खाने का सामान

पुलिस के किए गए पंचनामा के दौरान शव के पास एक पिज़्ज़ा बॉक्स और कुछ खाने का सामान बरामद हुआ है. इससे यह सवाल खड़ा हो गया है कि लड़की किसी व्यक्ति के साथ यहां आई थी या उसने यहीं पर खाना मंगवाया था. लड़की ने काले रंग के कपड़े पहने हुए थे, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है. पुलिस गुमशुदगी की रिपोर्ट और आसपास के थानों में दर्ज मामलों से मिलान कर रही है.

हत्या यहीं हुई या शव लाकर फेंका गया?

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि लड़की की हत्या इसी स्थान पर की गई या फिर किसी अन्य जगह पर हत्या कर सबूत मिटाने के इरादे से शव को यहां लाकर फेंका गया. इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर जांच की दिशा तय की जा रही है.

पुलिस अधीक्षक ने किया घटनास्थल का दौरा

नासिक ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने घटनास्थल का दौरा किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि इस गंभीर मामले की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और मौके से मिले सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है.

उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. इस निर्मम हत्या की घटना से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है. स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और वे जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!