राज्य

महराजगंज: चोरी की अर्टिगा कार के साथ शातिर चोर गिरफ्तार, SOG और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

महराजगंज जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में महराजगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुरन्दरपुर थाना पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से चोरी की गई एक अर्टिगा कार बरामद की है. आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.

पुलिस के अनुसार, 17 फरवरी को पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र से एक वादी की अर्टिगा कार चोरी होने का मामला सामने आया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) सोमेन्द्र मीणा ने घटना के खुलासे के लिए एक विशेष टीम का गठन किया था. टीम ने तुरंत अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया.

गोरखपुर से हुई आरोपी की गिरफ्तारी

तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि चोरी की गई अर्टिगा कार गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र में स्थित आदित्य पब्लिक स्कूल के पास खड़ी है. इस सूचना पर पुरन्दरपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 19 फरवरी को दोपहर करीब 1 बजे घेराबंदी की और शातिर चोर को धर दबोचा. पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान विकास यादव (निवासी विश्वनाथपुर, थाना झंगहा, जनपद गोरखपुर) के रूप में हुई है.

पूछताछ में कबूला जुर्म, साथियों की तलाश जारी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी विकास यादव ने कार चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. पुलिस अब आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है और इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि इस चोरी के गिरोह में उसके अन्य सहयोगी शामिल तो नहीं हैं.

SP ने की टीम की सराहना

इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में पुरन्दरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक महेंद्र यादव, उपनिरीक्षक रविप्रकाश गुप्ता और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे. पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने संयुक्त टीम की इस उत्कृष्ट कार्रवाई की सराहना की है और जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!