राज्य

सीकर में सूटकेस ब्लास्ट, तांत्रिक के कहने पर फेंका गया था सामान, हिरासत में 5 लोग, मुख्य आरोपी फरार

राजस्थान के सीकर जिले के नीमकाथाना इलाके में स्थित गणेश्वर धाम पर हफ्ते भर पहले हुए सूटकेस ब्लास्ट मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक यह मामला तंत्र-मंत्र और पूजा सामग्री से जुड़ा हुआ है. इस केस में 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी तांत्रिक अभी फरार है.

तांत्रिक ने दिया था सूटकेस

एडिशनल एसपी लोकेश मीणा ने बताया कि झुंझुनू के उदयपुरवाटी और गुढ़ागढौजी थाना इलाके के कुछ लोग अपने निजी काम के लिए मेवात के नूंह निवासी एक तांत्रिक के संपर्क में आए थे.

तांत्रिक ने उन्हें एक सूटकेस दिया, जिसमें पूजा और तंत्र-मंत्र से जुड़ा सामान रखा गया था. उसने इन लोगों से कहा था कि इस सूटकेस का विसर्जन गणेश्वर धाम में कर दें.

सीढ़ियों पर गिरा और हो गया ब्लास्ट

पुलिस के अनुसार, जब ये लोग गणेश्वर धाम पहुंचे और विसर्जन के लिए आगे बढ़ रहे थे, तभी सीढ़ियों पर सूटकेस अचानक गिर गया. गिरते ही उसमें जोरदार धमाका हो गया.

इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी. हालांकि, ब्लास्ट किस वजह से हुआ, यह अभी साफ नहीं है. सूटकेस में ऐसा कौन-सा मैटेरियल था जिससे विस्फोट हुआ, इसकी जांच जारी है.

5 आरोपी डिटेन, तांत्रिक फरार

घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी राघवेंद्र सुहासा और एसपी प्रवीण नायक नुनवात मौके पर पहुंचे थे. पुलिस ने टीम बनाकर जांच शुरू की. करीब 5 दिन की जांच के बाद दिनेश कुमार जांगिड, जयराम सैनी, हरिराम, निर्मल और तांत्रिक के सहयोगी सद्दाम उर्फ राजू उर्फ काला को हिरासत में लिया गया है. इनसे पूछताछ जारी है.

मुख्य आरोपी तांत्रिक अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही ब्लास्ट की असली वजह साफ हो पाएगी. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!