Delhi Rain: दिल्ली NCR में हवाओं और बारिश से ठंड की हुई वापसी, इस दिन से फिर चढ़ेगा पारा, जान लें अपडेट

दिल्ली NCR में बीते दिन 18 फरवरी को हुई बारिश और 19 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के बाद मौसम अचानक बदल गया और जाती हुई सर्दी वापस आ गई. दिल्ली एनसीआर में दिनभर रुक-रुक कर बारिश हुई और बादल छाए रहे. बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही बारिश और येलो अलर्ट जारी किया था.
बीते एक हफ्ते से दिल्ली NCR में तेज धूप और धीमी हवाओं के कारण गर्मी का अहसास हो रहा था. लेकिन 18 फरवरी को अचानक मौसम ने करवट ली और ठंडी हवाओं के साथ बूंदाबांदी ने तापमान में गिरावट ला दी. दिन और रात दोनों समय लोगों को ठंड महसूस हुई.
तापमान में गिरावट और येलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री कम 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रिज वेधशाला में 20.2 डिग्री और आयानगर में 19.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग ने बादल छाए रहने, हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया. इस अलर्ट का अर्थ है कि खराब मौसम के कारण दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं. हालांकि गुरुवार को बारिश का पूर्वानुमान जारी नहीं किया गया है.
24 फरवरी तक नहीं होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली NCR में 24 फरवरी तक बारिश की संभावना नहीं है. 19 और 20 फरवरी को बादल छाए रह सकते हैं. हल्की हवाएं चलेंगी और बीच-बीच में हल्की धूप निकल सकती है, लेकिन बारिश की संभावना नहीं जताई गई है.
19 फरवरी को मुख्य रूप से आसमान साफ रहने की संभावना है. सुबह हल्का कोहरा रह सकता है. अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
इस दिन से फिर बढ़ेगी गर्मी
मौसम में बड़ा बदलाव 22 फरवरी से देखने को मिलेगा. 22 से 24 फरवरी के बीच आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी. इसके कारण दिन का तापमान बढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात का तापमान 16 डिग्री तक जा सकता है.
स्काईमेट वेदर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक के अनुसार राजस्थान, पंजाब और हरियाणा से शुरू हुआ बारिश और मेघ गर्जन का सिस्टम दिल्ली, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश तक सक्रिय रहा. कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश से फसलों को नुकसान की खबर है, लेकिन 19 फरवरी से मौसम साफ होने लगेगा और राहत मिलेगी.



