राज्य

Delhi Rain: दिल्ली में फरवरी में तपती गर्मी के बीच बारिश का अलर्ट, IMD का 48 घंटे में मौसम पलटने का अनुमान

राजधानी दिल्ली में फरवरी में शुरू हुई ठंड और कुछ ही दिनों में चिलचिलाती गर्मी ने पहले ही लोगों को चौंका दिया था कि अब बारिश के भी आसार दिखने लगे हैं. बीते दिन 17 फरवरी को दिल्ली में इस साल का सबसे अधिक तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री अधिक 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा और इसी बीच आज 18 फरवरी को तेज हवाओं के साथ बारिश के छींटों का अनुमान लगाया जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे में मौसम अचानक बदल सकता है.

दिल्ली-NCR में बदलता मौसम पैटर्न

राजधानी में फिलहाल तेज धूप और हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है. हालांकि 18 फरवरी को दोपहर बाद हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग का कहना है कि बारिश से तापमान में अस्थायी गिरावट आएगी लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है. लेकिन इसके बाद तापमान में फिर से तेजी से बढ़ोतरी होने के संकेत हैं.

देशभर में अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार

अगले 24 से 48 घंटे में कई राज्यों में मौसम बदलेगा, कहीं तेज हवाएं और बारिश हो सकती है. वहीं पहाड़ी इलाकों में भी बर्फबारी संभव है. पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कई राज्यों में बादल छाने लगे हैं. दिन में तेज धूप के कारण तापमान अधिक महसूस किया जा रहा है. अचानक बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है.

दिल्ली-NCR का हाल और AQI की स्थिति

दिल्ली-NCR में भी मौसम बदलने के संकेत मिले हैं. 17 फरवरी को 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. 19 से 23 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान 27 से 31 डिग्री और न्यूनतम 13 से 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. राजधानी में 17 फरवरी शाम चार बजे तक औसत AQI 249 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है, जबकि नौ निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में रही.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!