NEET छात्रा मौत मामला: परिवार को फिर से मिली धमकी, कहा- ‘बेटी गई… बेटा भी मरेगा 2 दिन में’

पटना में पिछले महीने (जनवरी) हुई नीट छात्रा की मौत के बाद परिजनों को एक बार फिर धमकी मिली है. दूसरी बार घर के किचन से धमकी भरा पर्चा मिला है. माना जा रहा है कि इसे किचन की खिड़की से फेंका गया है. इसके पहले भी किचन से ही धमकी भरा पर्चा मिला था. अब दूसरी बार धमकी मिलने के बाद परिवार और दहशत में है.
धमकी भरे पर्चे में लिखा गया है, “न मानोगे… बेटी गई, बेटा भी मरेगा 2 दिन में”. दूसरी ओर हैरान की बात है कि यह धमकी भरा पर्चा घर से तब मिल रहा है जब परिवार को सुरक्षा मिली हुई है. सवाल है कि आखिर यह धमकी भरा पर्चा कौन फेंक रहा है?
पहली पर्ची मिलने के बाद खुद गांव पहुंचे थे थानाध्यक्ष
बता दें कि धमकी भरा पर्चा जब पहली बार बीते शनिवार (14 फरवरी, 2026) को मिला था तो इसकी सूचना मिलते ही शकुराबाद थानाध्यक्ष राहुल कुमार खुद गांव पहुंचे थे. पर्चे को जब्त कर जांच शुरू कर दी थी. अभी पहले पर्चे की जांच चल ही रही है कि दूसरी बार धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. देखने वाली बात होगी कि जांच के बाद इस धमकी भरे पर्चे के पीछे की कहानी क्या निकलकर आती है.
छात्रा के भाई के मोबाइल को टीम ने किया बरामद
उधर सीबीआई की जांच इस केस में जारी है. सीबीआई की पांच सदस्यीय टीम मंगलवार (17 फरवरी, 2026) को एक बार फिर से छात्रा के पैतृक गांव पहुंची. टीम में एक महिला अधिकारी भी थी. जांच के दौरान छात्रा के भाई के मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर टीम उसे अपने साथ मखदुमपुर ले गई. बताया जा रहा है कि मखदुमपुर स्थित एक गुमटी से मोबाइल फोन को रिकवर किया गया है. मोबाइल को जब्त कर टीम आगे की जांच के लिए रवाना हो गई. जांच एजेंसी डिजिटल साक्ष्यों के जरिए मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.
यह भी पढ़ें- NEET छात्रा की मौत पर फिल्म अभिनेत्री तापसी पन्नू की प्रतिक्रिया, ‘ऐसी घटनाओं को…’



