राज्य

बिहार में अब खुले में नहीं बिकेगा मांस, नीतीश सरकार ने दिए सख्ती के संकेत

बिहार में अब खुले में मांस नहीं बिकेगा. इसको लेकर बिहार की नीतीश कुमार की सरकार ने सख्ती के संकेत दिए हैं. बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार (16 फरवरी) को कहा कि खुली सड़क पर अब कोई मांस नहीं बिकेगा. किसी की भावना को आहत नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि नियम के अनुसार जिसको लाइसेंस मिला है, उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ‘भौकाल’ नहीं बनाती, यह सरकार सरोकार से समस्या का समाधान करती है. 

लाइसेंस धारी ही मांस बेच सकेंगे- विजय कुमार सिन्हा

विधान परिषद में डिप्टी सीएम सह नगर विकास आवास मंत्री विजय सिन्हा ने कहा, ”खुले में मांस की बिक्री नहीं होगी. लाइसेंस धारी ही मांस बेच सकेंगे. मांस बेचने वालों को सभी नियमों का पालन करना होगा, अन्यथा कड़ी कार्रवाई होगी. पूरे बिहार में खुले स्थानों पर मांस की बिक्री नहीं होने दी जाएगी.” 

मांस की दुकानों को पर्दे या शीशे से ढकना होगा-विजय सिन्हा

बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने आगे कहा, ”स्वच्छता, सार्वजनिक स्वास्थ्य और व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह फैसला जरूरी है. किसी की भावना को आहत नहीं होने दिया जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि स्थानीय स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाए और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए. मांस की दुकानों को पर्दे या शीशे से ढकना होगा, ताकि राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.”

डिप्टी सीएम सह नगर विकास आवास मंत्री ने जानकारी देते हुए ये भी बताया कि दरभंगा में भूमि सुधार जनकल्याण संवाद और बुद्धिजीवियों के साथ बैठक में ये विषय आया था. उस रोड से लोगों ने गुजरना बंद कर दिया था. नियम के खिलाफ इस तरह की व्यवस्था को नहीं चलने दिया जाएगा. विपक्ष की ओर से बायकॉट किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, ”विपक्ष बेचारे नेता विहीन हैं. मालिक गया घर तो जने तने हर. विपक्ष का यही हाल है. विपक्ष का नेता ही नहीं है तो जो उन्हें समझ में आ रहा है वो कर रहे हैं.” 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!