रामनाथ ठाकुर का वीडियो वायरल, NDA में शामिल होने पहुंचे मुस्लिम शख्स से कहा- ‘आप कैसे…’

केंद्रीय कृषि कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में दिख रहा है कि वे एक मुस्लिम शख्स से बातचीत कर रहे हैं. उसे काफी कुछ सुना रहे हैं. पूरा वीडियो मोतिहारी परिसदन का है. बीते रविवार (15 फरवरी, 2026) को रामनाथ ठाकुर कृषि विभाग के एक कार्यक्रम में मोतिहारी पहुंचे थे.
वायरल वीडियो में क्या कुछ है?
रामनाथ ठाकुर जिस मुस्लिम शख्स से बातचीत कर रहे हैं उसका नाम मोहम्मद अंसारी है. पढ़िए दोनों के बीच हुई बातचीत का अंश…
रामनाथ ठाकुर- कल आप नमाज पढ़े थे?
मोहम्मद अंसारी- जी…
रामनाथ ठाकुर- क्या खाए थे नमाज के बाद…?
मोहम्मद अंसारी- दाल-रोटी ज्यादा खाते हैं…
रामनाथ ठाकुर- माछ-मछली नहीं…?
मोहम्मद अंसारी- खाते हैं… लेकिन ज्यादा नहीं… डायबिटीज है…
रामनाथ ठाकुर- उससे क्या मतलब है… शादी हो गई है?
मोहम्मद अंसारी- जी…
रामनाथ ठाकुर- पत्नी को बाहर भेजिए… देखिए डायबिटीज ठीक हो जाएगा…
रामनाथ ठाकुर- …तो दल में आप कैसे आ जाइएगा? बीजेपी के साथ गठबंधन है…
मोहम्मद अंसारी- नहीं, नीतीश जी…
रामनाथ ठाकुर- अरे वो सब तो ठीक है, लेकिन वोटवा तो नहीं देते हैं… दल नहीं न बदलिएगा?
मोहम्मद अंसारी- दल बदलना रहता तो आपके पास आते…
रामनाथ ठाकुर और मोहम्मद अंसारी के बीच हुई इस बातचीत का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. कृषि विभाग के कार्यक्रम में पहुंचे रामनाथ ठाकुर ने रविवार को कुछ युवाओं को जेडीयू की सदस्यता दिलाई. इसी दौरान मोहम्मद अंसारी भी पहुंचे थे. रामनाथ ठाकुर ने ऐसे-ऐसे सवाल किए कि मोहम्मद अंसारी भी सहज महसूस नहीं कर रहे थे. इस दौरान आसपास में बैठे लोग भी हंसते नजर आए.
बता दें कि कई बार केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी यह कह चुके हैं कि मुस्लिम समाज के लिए भी नीतीश कुमार काम करते हैं लेकिन इस समाज के लोग उन्हें वोट नहीं देते हैं. एक बार फिर अब रामनाथ ठाकुर ने कुछ ऐसी ही बात कही है.
यह भी पढ़ें- JDU के मंत्री अशोक चौधरी बने असिस्टेंट प्रोफेसर, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में दिया योगदान, जानिए क्या कहा



