राज्य

जोधपुर के उदय मंदिर क्षेत्र में जलभराव को लेकर हंगामा, स्थानीय लोगों ने कुछ यूं किया प्रदर्शन

राजस्थान के जोधपुर के भीतरी शहर स्थित उदय मंदिर क्षेत्र में पिछले लंबे समय से सड़कों पर गंदा पानी बहने की समस्या बनी हुई है, जिससे स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं. नालियों की सफाई नहीं होने और जल निकासी की उचित व्यवस्था के ना होने से गलियों और मुख्य मार्गों पर लगातार जलभराव की स्थिति बनी रहती है.

इससे न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि आसपास बदबू और गंदगी के कारण लोगों का जीना भी मुश्किल हो गया है. समस्या से त्रस्त होकर स्थानीय निवासियों ने 15 फरवरी को सड़क पर उतरकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और रास्ता जाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई.

प्रदर्शन में लोगों ने गंदे पानी में बैठकर सड़क पर ही होली खेली

प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने अनोखे तरीके से प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की. उन्होंने गंदे पानी से बैठकर सड़क पर ही होली खेली, ताकि हालात की गंभीरता को दिखाया जा सके. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रमजान का पवित्र महीना शुरू हो चुका है, आज महाशिवरात्रि का त्योहार भी है और जल्द ही होली का त्योहार भी आने वाला है. इसके बावजूद इलाके में फैली गंदगी और जलभराव को लेकर संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है.

प्रशासनिक लापरवाही के कारण क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी बीमारियां भी बढ़ रही

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वे कई बार शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ. उनका कहना है कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी बीमारियां भी बढ़ रही हैं. निवासियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द प्रभाव से नालियों की सफाई कराई जाए और गंदे पानी की समुचित निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि आने वाले त्योहारों के दौरान लोगों को राहत मिल सके. प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!