IND Vs Pak: ‘मैं दुआ करती हूं इंडिया जीते लेकिन…’, भारत-पाक मैच के बीच कांग्रेस नेता मुमताज पटेल का बड़ा बयान

टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार (15 फरवरी) को कोलंबो में रोमांचक मैच खेला जा रहा है. इस बीच मैच को लेकर सियासत तेज हो गई है. कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि भारत की जमीन पर जितने भी आतंकवादी हमले हुए हैं. उन सबके लिए पाकिस्तान जिम्मेदार है.
मुमताज पटेल ने कहा कि इंडिया पाकिस्तान का मैच है और मेरी यही दुआ है कि भारत यह मैच जरूर जीते लेकिन इस पर सियासत बिल्कुल होनी चाहिए. उन्होंने आगे कहा विपक्ष और मुस्लिम महिला होने के नाते मैं यह पूछना चाहती हूं कि आप कहते हैं पाकिस्तान को घुसकर मारा, आप कहते हैं कि आतंकवाद के प्रति कोई सहिष्णुता नहीं. मुमताज पटेल ने आगे कहा कि हमें पता है कि पाकिस्तान जिम्मेदार है उसके लिए जितने भी आतंकवादी हमले हमारी जमीन पर होते हैं. तो फिर क्रिकेट के लिए यह बिजनेस की तरह क्यों है.
पाकिस्तान को लेकर क्या बोलीं मुमताज पटेल?
उन्होंने आगे कहा कि जहां एक तरफ आप पाकिस्तानी कलाकारों को बैन करते हैं, जहां आप वहां के चैनल्स को यूट्यूब पर बैन करते हैं और कलाकारों के सोशल मीडिया हैंडल्स को बैन कर देते हैं. इस पर आप कहते हैं कि किसी भी तरह का व्यवसाय पाकिस्तान के साथ नहीं होना चाहिए, तो क्रिकेट मैच पर हमेशा सॉफ्ट कॉर्नर क्यों? क्योंकि यह आईसीसी या जय शाह को सूट करता है.
उन्होंने आगे कहा कि क्योंकि इसमें आपको फायदा है. मुमताज ने कहा कि इसलिए ये चयनात्मक आक्रोश नहीं होना चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि शनिवार (14 फरवरी) को पुलवामा हमले को 7 साल हो गए. पिछले साल हमने पहलगाम में आतंकवाद देखा, तो अगर हम यह जो आतंकवादी हैं इनकी तस्वीरें अगर स्टेडियम में दिखा सकते और फिर हाथ मिलाकर पाकिस्तान के साथ मैच खेल सकते तो यह एक ट्रिब्यूट होता.
यह एक नमन होता. जितने लोग भी इन हमलों में शहीद हुए हैं उनके लिए यह सम्मान होता. उन्होंने यह भी कहा कि तब जाकर पाकिस्तान को शर्मिंदा कर पाते तो मैं समझ सकती थी कि यह मैच अनिवार्य होना चाहिए था.



