महाशिवरात्रि पर उदयपुर के अमरख महादेव मंदिर में CM रेखा गुप्ता ने की पूजा-अर्चना, सुख-शांति की कामना

महाशिवरात्रि को लेकर देशभर के शिवालयों में बाबा भोलेनाथ के भक्तों का जमावड़ा लगा है. इस बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज (15 फरवरी) महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उदयपुर के अम्बेरी स्थित प्राचीन श्री अमरख महादेव मंदिर में पहुंचकर देवाधिदेव महादेव की पूजा-अर्चना की. यह धाम शताब्दियों से तप, वैराग्य और शिव चेतना का जीवंत केंद्र रहा है.
उन्होंने इस मौके पर कहा, ”महाशिवरात्रि का यह पावन पर्व आत्मा के भीतर शिवत्व के जागरण का अवसर है. शिव ही शून्य हैं, शिव ही अनंत हैं और शिव ही वह आधार हैं जहां से सृजन, संतुलन और परिवर्तन का प्रवाह प्रारंभ होता है.”
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उदयपुर के अम्बेरी स्थित प्राचीन श्री अमरख महादेव मंदिर में देवाधिदेव महादेव की पूजा-अर्चना का सौभाग्य प्राप्त हुआ। यह धाम शताब्दियों से तप, वैराग्य और शिव चेतना का जीवंत केंद्र रहा है।
महाशिवरात्रि का यह पावन पर्व आत्मा के भीतर शिवत्व के जागरण का… pic.twitter.com/ybgZ5G98Er
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) February 15, 2026
महादेव का आशीर्वाद दिल्लीवासियों पर बना रहे- रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना है कि उनका आशीर्वाद दिल्ली और समस्त देशवासियों पर बना रहे. इस अवसर पर कैबिनेट सहयोगी आशीष सूद, रविन्द्र इन्द्राज, विधायक अनिल शर्मा समेत भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान के सम्मानित साथी उपस्थित रहे. उन्होंने सभी को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दी.
हमारे भीतर छिपे शिवत्व को जागृत करने का पर्व- रेखा गुप्ता
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक दूसरे पोस्ट में लिखा, ”समस्त दिल्लीवासियों को महाशिवरात्रि के पावन पर्व की अनंत शुभकामनाएं. देवाधिदेव महादेव और माता पार्वती के मंगल विवाह का यह उत्सव हमारे भीतर छिपे शिवत्व को जागृत करने का महापर्व है, आदिदेव ही चराचर जगत के सृजन, शक्ति और परम चेतना का आधार हैं, भोलेनाथ से प्रार्थना है कि उनका आशीर्वाद हमारे जीवन में सुख-शांति और दिल्ली की सतत् प्रगति एवं समृद्धि बनाए रखें.



