कन्नौज रेलवे स्टेशन के विकास पर सियासत, अखिलेश यादव ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को से पूछा ये सवाल

कन्नौज रेलवे स्टेशन को बड़े स्तर पर विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है. अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा. रेलवे विभाग का कहना है कि कन्नौज स्टेशन को गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन की तर्ज पर तैयार किया जाएगा, जहां यात्रियों को बेहतर और विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी.
इस घोषणा के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है. उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग करते हुए कई सवाल उठाए हैं.
अयोध्या की घटना का किया जिक्र
अखिलेश यादव ने सोशल साइट एक्स पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग करते हुए अयोध्या स्टेशन का जिक्र किया. उन्होंने पोस्ट कर कहा कि “अयोध्या में जो रेलवे स्टेशन की दीवार गिरी थी वो किस मॉडल पर बनी थी, भाजपा के ‘भ्रष्ट मॉडल’ पर?”
उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है.
रेल मंत्री को दी ये सलाह
अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए रेल मंत्री को कुछ सलाह भी दी है. उनका कहना है कि “बनते ही गिर जानेवाली पानी की टंकी थोड़ी दूर बनाइएगा. छत ऐसी बनाइएगा कि नीचे छतरी लेकर न खड़ा होना पड़े. एप्रोच रोड की परत न उखड़े, लिफ़्ट-एस्केलेटर लगे तो चले भी, कमीशनख़ोरी से बचाइएगा, वेटिंग एरिया सच में अच्छा बनाइएगा, ट्रेनो का कई घंटों तक कोई अता-पता नहीं रहता है. पार्किंग को अपने भाजपाई गुंडागर्दी टैक्स से बचाइएगा.”
उन्होंने आगे कहा, “कन्नौज में तो कम से कम ऐसे टॉयलेट बनाइएगा-चलाइयेगा जो सुगंधित हों. ठेकेदार यूपी का ही रखिएगा, जिससे वो कहीं भाग न सके.”
विकास के साथ पारदर्शिता की मांग
सरकार का दावा है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के कई स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है. कन्नौज स्टेशन को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा.
वहीं अखिलेश यादव के इस बयान के बाद यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया है. एक ओर सरकार कन्नौज स्टेशन को आधुनिक स्वरूप देने की बात कर रही है, वहीं विपक्ष निर्माण की गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठा रहा है.
अब देखना होगा कि कन्नौज रेलवे स्टेशन का विकास काम सियासी बयानबाजी से आगे बढ़कर जमीन पर कितना मजबूत साबित होता है.



