दिल्ली: जन्मदिन मनाने निकले छात्र को ट्रक ने कुचला, 19 वर्षीय मानव की मौत, दोस्त की हालत नाजुक

राजधानी दिल्ली की बेलगाम रफ्तार ने एक और परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया. गुरुवार (12 फरवरी) देर रात मथुरा रोड स्थित मोदी मिल फ्लाईओवर पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में 19 वर्षीय छात्र मानव की दर्दनाक मौत हो गई.
वह अपना जन्मदिन मनाने के लिए घर से निकला था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. इस हादसे में उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है.
फ्लाईओवर पर खूनी रफ्तार का कहर
पुलिस के मुताबिक, घटना रात 12 से 1 बजे के बीच की है. मानव (19) और उसका दोस्त मोहम्मद साद (21) स्कूटी पर सवार होकर जन्मदिन सेलिब्रेट करने जा रहे थे. तभी मोदी मिल फ्लाईओवर पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे. राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मानव को मृत घोषित कर दिया.
बीए का छात्र था मृतक
मृतक आदमी सराय जुलैना का रहने वाला था और बीए की पढ़ाई कर रहा था. वहीं, घायल मोहम्मद साद जामिया नगर का निवासी है. जिस स्कूटी से हादसा हुआ, वह साद के पिता के नाम पर रजिस्टर्ड है. एक पल में जन्मदिन की खुशी चीख-पुकार में बदल गई.
आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए ट्रक चालक जाहुल (32) को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी हरियाणा के नूह का रहने वाला है और ट्रक में किराने का सामान लादकर बादली से नागपुर जा रहा था. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है. आरोपी के पास मिले ड्राइविंग लाइसेंस और बीमा दस्तावेजों की जांच की जा रही है. क्राइम टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर सबूत जुटाए हैं. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.



