इंदौर: शादी का दबाव बनाने पर प्रेमी ने की MBA छात्रा की हत्या, पुलिस ने मुंबई से दबोचा

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में वेलेंटाइन वीक के दौरान एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में एक एमबीए छात्रा की उसके ही प्रेमी ने बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या की वजह शादी को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपी प्रेमी पीयूष को मुंबई के अंधेरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है.
मामले का खुलासा तब हुआ जब द्वारकापुरी स्थित ‘अंकल गली’ के एक फ्लैट से रहवासियों को तेज दुर्गंध आने लगी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब फ्लैट खोला तो अंदर युवती का शव संदिग्ध हालत में मिला. जांच में सामने आया कि युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट 11 फरवरी को उसके पिता ने पंढरीनाथ थाने में दर्ज कराई थी. पिता ने बताया था कि 10 फरवरी को उन्होंने बेटी को कलेक्ट्रेट के पास छोड़ा था, जिसके बाद से वह लापता थी. जिस फ्लैट में शव मिला, उसे पीयूष नामक युवक ने किराए पर ले रखा था.
शादी के लिए दबाव बना रही थी छात्रा
डीसीपी लालकृष्ण चंदानी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतका और आरोपी पीयूष पिछले सितंबर महीने से रिलेशनशिप में थे. छात्रा अपने परिवार की सहमति के बाद पीयूष पर शादी के लिए दबाव बना रही थी, लेकिन पीयूष और उसका परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे. इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव चल रहा था.
गला घोंटा, फिर कॉलेज ग्रुप में डाला वीडियो
विवाद सुलझाने के बहाने पीयूष ने छात्रा को अपने फ्लैट पर बुलाया. वहां दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर पीयूष ने रस्सी से गला घोंटकर छात्रा की हत्या कर दी. हद तो तब हो गई जब हत्या के बाद आरोपी ने छात्रा को बदनाम करने की नीयत से उसके निजी वीडियो कॉलेज के ग्रुप में वायरल कर दिए.
मुंबई मेट्रो में छिपा था कातिल
वारदात को अंजाम देने के बाद पीयूष इंदौर से भागकर मुंबई पहुंच गया. पुलिस से बचने के लिए वह दो दिन तक लगातार मुंबई मेट्रो में सफर करता रहा ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके. हालांकि, पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से उसे अंधेरी से दबोच लिया. इंदौर पुलिस अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर ला रही है.



