Delhi Weather Update: फरवरी में ही अप्रैल वाली गर्मी! 29 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, इस दिन हो सकती है बारिश

दिल्ली-NCR में फरवरी के दूसरे सप्ताह में ही अप्रैल जैसी गर्मी महसूस की जा रही है. लोग कंबल और गर्म कपड़े अब अगली ठंड के लिए रख चुके हैं. वहीं आज यानी 14 फरवरी का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मौसम विभाग के अनुसार 17 और 18 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना है, जिसके बाद तापमान में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है. वहीं राजधानी दिल्ली का AQI 164 दर्ज किया गया है, जो खराब श्रेणी में बना हुआ है.
दिल्ली-NCR में धीरे-धीरे मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है. हाल के दिनों में जहां कड़ाके की ठंड और कोहरे ने लोगों को परेशान किया, वहीं अब मौसम का रुख बदलता नजर आ रहा है. सुबह हल्की धुंध रह सकती है, लेकिन दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप तेज महसूस होगी. अगले 24 घंटों में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि उसके बाद धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं.
पिछले 24 घंटों का मौसम हाल
पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24-27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. इस दौरान कहीं भी बारिश नहीं हुई और पश्चिमी दिशा से करीब 15 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं.
14 फरवरी और आगे का पूर्वानुमान
14 फरवरी को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और सुबह हल्की धुंध देखी जा सकती है. अधिकतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. दोपहर में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम हल्का सुहावना रहेगा.
आने वाले दिनों में मौसम का हाल?
सुबह के समय हल्की धुंध रह सकती है, जिससे विजिबिलिटी पर असर पड़ेगा. हालांकि दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी. दूसरी ओर, वायु गुणवत्ता अभी भी खराब श्रेणी में बनी हुई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
मौसम विभाग के अनुसार 15 फरवरी तक आसमान साफ रहेगा. 16 फरवरी को आंशिक बादल छा सकते हैं, जबकि 17 और 18 फरवरी को सामान्य रूप से बादल रहने और हल्की बारिश की संभावना है. 19 फरवरी को फिर से मौसम साफ हो सकता है और न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री तक बढ़ोतरी संभव है.



