मुंबई के लड़के ने कमाल कर दिया, टी20 वर्ल्ड कप में USA को दिलाई बंपर जीत, नीदरलैंड्स को 93 रन से हराया

USA vs Netherlands Highlights: यूएसए ने नीदरलैंड्स को 93 रनों से हरा दिया है. चेन्नई के चेपॉक मैदान में खेले गए इस मैच में यूएसए की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 196 रन बनाए थे, जो टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में उसका दूसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा. लक्ष्य का पीछा करने आई नीदरलैंड्स की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 103 रनों पर ऑलआउट हो गई.
नीदरलैंड्स जब 197 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने आई तो भारतीय मूल के गेंदबाज हरमीत सिंह विरोधी बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे. मुंबई में जन्मे हरमीत सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में सिर्फ 21 रन दिए और 4 विकेट लिए. शेडली वैन शाल्कविक इस बार भी दमदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट लेने में कामयाब रहे. वो अब तक इस टूर्नामेंट में कुल 11 विकेट ले चुके हैं, जो सबसे ज्यादा हैं.
मुंबई के लड़के ने किया कमाल
यूएसए टीम में खेल रहे बाएं हाथ के ऑफ-स्पिन गेंदबाज हरमीत सिंह का जन्म मुंबई में हुआ था. वो भारतीय डोमेस्टिक क्रिकेट में मुंबई और त्रिपुरा के लिए खेल चुके हैं, लेकिन बाद में अमेरिका में शिफ्ट हो गए थे. उन्होंने नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में 4 बहुमूल्य विकेट लिए. यह 2026 टी20 वर्ल्ड कप में यूएसए की सबसे पहली जीत है और अब उसका सिर्फ एक मैच बचा है, जो उसे 15 फरवरी को नामीबिया के साथ खेलना है.
इससे पहले बल्लेबाजी में यूएसए के लिए साइतेजा मुक्कम्मला ने 51 गेंदों में 79 रनों की दमदार अर्धशतकीय पारी खेली थी. वहीं शुभम रंजने ने भी अपनी फॉर्म बरकरार रखते हुए 48 रनों की तूफानी पारी खेली. बाकी काम गेंदबाजों ने कर दिया. हरमीत ने 4, शेडली वैन ने 3, मोहम्मद मोहसिन ने 2 विकेट और नोशतुष केंजिगे ने एक विकेट लिया.
यह भी पढ़ें:
भारत-पाकिस्तान मैच पर हरभजन सिंह का हैरान करने वाला बयान, किसे बताया टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ा खतरा? जानें
T20 World Cup में भारत-पाक मैच के लिए श्रीलंका रवाना हुई टीम इंडिया, एयरपोर्ट पर क्यों गुस्साए सूर्यकुमार यादव?



