बिहार: सत्याग्रह एक्सप्रेस से मिली युवक की लाश, S-5 में फंदे से लटका था शव, रेल महकमे में हड़कंप

रक्सौल रेलवे जंक्शन स्थित वॉशिंग पिट में खड़ी ‘सत्याग्रह एक्सप्रेस’ के स्लीपर कोच (S-5) में शुक्रवार (13 फरवरी, 2026) को एक युवक की लाश मिली. शव फंदे से लटका हुआ था. हालांकि आत्महत्या है या हत्या यह जांच के बाद पता चलेगा. घटना के बाद रेल महकमे में हड़कंप मच गया.
नहीं हो सकी युवक के शव की पहचान
आनन-फानन में वरीय पदाधिकारी को जानकारी दी गई. बताया जाता है कि सत्याग्रह एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या- 15273) सफाई और रखरखाव के लिए वॉशिंग पिट में खड़ी थी. इसी दौरान रेलकर्मियों की नजर कोच संख्या S-5 में फंदे से लटके युवक पर गई. खबर लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो पाई थी. देखने से उसकी उम्र 19-20 साल के आसपास लग रही थी.
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, युवक के गले पर चोट के निशान दिख रहे थे. जानकारी के अनुसार, रक्सौल पहुंचने के बाद ट्रेन को साफ-सफाई के लिए वॉशिंग पिट पर खड़ा किया गया था. आज (शुक्रवार) ट्रेन को पुनः दिल्ली रवाना करने की तैयारी की जा रही थी. इसी दौरान कोच से यह शव बरामद हुआ जिसके बाद हड़कंप मच गया.
मौके पर बुलाई गई एफएसएल की टीम
घटना की सूचना मिलते ही बेतिया के डीएसआरपी (DSRP) ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को भी बुलाया गया. टीम ने मौके से साक्ष्यों को एकत्रित किया. अब जांच के बाद ही सब कुछ साफ हो सकेगा. फिलहाल इस मामले में आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
घटना के संबंध में रक्सौल जीआरपी थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. युवक की पहचान का प्रयास जारी है. गर्दन पर मिले निशानों और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी.
यह भी पढ़ें- बिहार: अब बक्सर और पूर्णिया कोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप



