राज्य

नोएडा में फिर हुआ हादसा, खुले नाले में गिरी कार, बाल-बाल बचा ड्राइवर, वीडियो हुआ वायरल

नोएडा में हाल ही में सेक्टर 150 में एक इंजीनियर की दर्दनाक मौत ने शहर की व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए थे. लेकिन ऐसा लगता है कि इस घटना से भी प्राधिकरण ने कोई सबक नहीं लिया. खुले नाले और डेथ पॉइंट आज भी लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं.

ताजा मामला थाना फेस 3 क्षेत्र के सेक्टर 70 स्थित बसई गांव के पास का है. यहां एक कार अचानक खुले नाले में जा गिरी. बताया जा रहा है कि कार चालक गाड़ी खड़ी कर पास में शराब लेने गया था. इसी दौरान गाड़ी अचानक खिसक गई और आधी कार खुले नाले में जा घुसी.

मौके पर पहुंची पुलिस, कार का रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही थाना फेस 3 पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से पहले ड्राइवर ने खुद को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर कार को नाले से बाहर निकाला. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.

खुले नाले बने हादसों की वजह

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में नाले खुले पड़े हैं और उन पर किसी तरह का कवर नहीं है. पहले भी यहां कई बार छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं. लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद प्राधिकरण ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है.

अगर कार पूरी तरह नाले में गिर जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था. आसपास मौजूद लोगों की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से एक बड़ा नुकसान टल गया. लेकिन सवाल यह है कि आखिर कब तक लोग किस्मत के भरोसे ऐसे खुले नालों के बीच जिंदगी जीते रहेंगे?

प्राधिकरण की लापरवाही पर सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही सामने आई है. सेक्टर 150 की घटना के बाद भी अगर खुले नालों को ढका नहीं गया तो आने वाले दिनों में कोई और बड़ा हादसा हो सकता है. फिलहाल लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी साफ देखी जा रही है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!