दिल्ली में बढ़ते तापमान के बीच बारिश का अलर्ट! फरवरी में कैसा होगा मौसम? जानें IMD का अपडेट

फरवरी में एक बार फिर देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है. दिल्ली-एनसीआर में बीते 24 घंटे के दौरान हवाओं ने रफ्तार पकड़ ली है और तापमान बढ़ने लगा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 13 से 18 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
दिल्ली एनसीआर में मौसम का ताजा हाल
बीते दो दिनों से हवाएं बेहद धीमी गति से चल रही थीं, जिससे दोपहर की धूप लोगों के पसीने छुड़ा रही थी. हालांकि अब हालात बदल गए हैं और पिछले 24 घंटे में 19 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं. लगातार तेज धूप निकल रही है और रात का तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ने लगा है.
मौसम पूरी तरह साफ हो चुका है और इसी कारण भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली एनसीआर से सभी तरह के अलर्ट हटा दिए हैं. विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 13 फरवरी से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. 18 फरवरी तक अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
आज यानी 13 फरवरी को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, लेकिन 13 फरवरी से इसमें तेजी आएगी. 13 फरवरी 2026 को आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय धुंध देखने को मिल सकती है. अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
14 फरवरी और बारिश का नया पूर्वानुमान
14 फरवरी 2026 को आसमान ज्यादातर साफ रहने का अनुमान है, हालांकि सुबह हल्की धुंध बनी रह सकती है. इस दिन अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 से 5.0 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहने की संभावना जताई गई है.
वहीं बारिश को लेकर नया पूर्वानुमान भी सामने आया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन स्काईमेट के अनुसार 16 फरवरी के बाद उत्तर भारत में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. 13 और 16 फरवरी को पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होंगे, जिसके असर से दिल्ली एनसीआर तक देखने को मिलेगा और 17 से 19 फरवरी के बीच उत्तर और पूर्वी भारत में हल्की बारिश संभव है.



