राज्य

देहरादून: तिब्बती मार्केट में हुए हत्याकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में शूटर और साथी गिरफ्तार

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में तिब्बती मार्केट के सामने कारोबारी और टेनिस खिलाड़ी अर्जुन की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. अलग-अलग स्थानों पर हुई कार्रवाई के दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है. पुलिस ने उनके कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है.

इस हत्याकांड के बाद से ही पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया था. एसएसपी देहरादून के निर्देश पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सघन चेकिंग अभियान और नाकेबंदी की गई थी. पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं.

पुलिस को देख शुरू की फायरिंग 

गुरुवार (12 फरवरी) को तड़के सुबह रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध दिखाई दिया. पुलिस टीम ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी. घायल अवस्था में उसे पकड़ लिया गया और उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया. 

दूसरे आरोपी के दाहिने पैर में लगी गोली

इसी दौरान दूसरी कार्रवाई लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई. यहां चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा. पीछा करने पर वह एक खंडहर फैक्ट्री परिसर में घुस गया और वहां से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे भी मौके पर दबोच लिया गया.

मामले पर पुलिस अधिकारियों ने दी यह जानकारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पूछताछ में तिब्बती मार्केट के सामने हुए अर्जुन हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की है. फिलहाल दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और सुरक्षा के बीच उनसे गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस हत्याकांड के पीछे कौन लोग शामिल हैं और क्या इसमें किसी अन्य की भूमिका भी रही है. 

घटना के बाद दहशत का माहौल

घटना के बाद शहर में दहशत का माहौल था, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है. अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!