पटना: ‘कोचिंग बंद कर दो वरना…’, गुरु रहमान को जान से मारने की धमकी

बिहार के पटना में मशहूर शिक्षक और अदम्य अदिति गुरुकुल के संचालक गुरु रहमान को जान से मारने की धमकी दी गई है. एक अज्ञात व्यक्ति बुधवार (11 फरवरी) की शाम सीधे उनके संस्थान के अंदर घुस आया. इस दौरान उसने गुरु रहमान को गोली मारने की धमकी दी. आरोपी ने शिक्षक से कहा है कि कोचिंग बंद कर दो वरना गोली मार दी जाएगी.
आरोपी ने यह भी कहा कि कोचिंग तुरंत बंद कर दी जाए. इस मामले में गुरु रहमान ने पीरबहोर थाना में लिखित शिकायत दी है. संदिग्ध व्यक्ति का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपा गया है. शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है.
अज्ञात बदमाशों ने दी धमकी
बताया जा रहा है कि कुछ अज्ञात बदमाशों ने गुरु रहमान की कोचिंग में घुसकर धमकी दी है. कोचिंग के संचालक गुरु रहमान को गोली मारने के लिए कहा है. इस धमकी के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. इस धमकी के बाद गुरु रहमान ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस में शिकायत दी है.
गुरु रहमान पुलिस से इस मामले में गहन जांच करने की गुजारिश की है. साथ ही उन्होंने आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की भी बात कही है. बता दें कि यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसका फुटेज पुलिस को दे दिया गया है.
पुलिस ने दी यह जानकारी
गुरु रहमान को धमकी के मामले में पुलिस ने जानकारी दी. पुलिस के अनुसार आरोपी की धरपकड़ के लिए जांच शुरू कर दी गई है. फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है. पुलिस ने गुरु रहमान आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस का कहना है कि घटना की जांच के लिए टीम बना दी गई है. मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
गुरु रहमान ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी द्वारा उनको जान से मारने और कोचिंग बंद करने की धमकी देने के साथ ही गलत शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है. आरोपी लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग कर अपमानित कर रहा था.



