राज्य

महाराष्ट्र बोर्ड एग्जाम में नकल का बड़ा खुलासा! बीड में छात्रों के मां-बाप ही करवा रहे चीटिंग

महाराष्ट्र स्थित बीड जिले के चौसाला स्थित एक कॉलेज में 12वीं बोर्ड परीक्षा के पहले दिन ही नकल का बड़ा मामला सामने आया है. दरअसल इंग्लिश विषय की परीक्षा के दौरान बच्चों के परिजन परीक्षा केंद्र के बाहर जमा होकर खिड़कियों से छात्रों को नकल कराने की कोशिश करते दिखे. यह पूरी घटना शिक्षा विभाग के ड्रोन कैमरे में कैद हो गई.

इंग्लिश पेपर शुरू होते ही कॉलेज परिसर के बाहर असामान्य गतिविधियां शुरू हो गईं. बड़ी संख्या में पालक कॉलेज की दीवारों और खिड़कियों के पास खड़े नजर आए. ड्रोन फुटेज में साफ दिख रहा है कि कुछ लोग खिड़कियों के पास पहुंचकर अंदर बैठे छात्रों तक पर्चियां और जवाब पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे.

कॉलेज चारों ओर से खुले मैदान से घिरा हुआ है, जिससे खिड़कियों तक पहुंचना आसान हो गया. ड्रोन के करीब आते ही कई लोग वहां से भागते हुए भी दिखाई दिए. नकल-मुक्त परीक्षा के दावों पर ऐसी घटनाएं कई गंभीर सवाल खड़े करती है.

ड्रोन निगरानी में खुली पोल

शिक्षा विभाग ने नकल रोकने के लिए निगरानी हेतु ड्रोन उड़ाया था. अधिकारियों के मुताबिक करीब तीन घंटे का वीडियो फुटेज रिकॉर्ड हुआ है. इस फुटेज की जांच की जा रही है ताकि जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा सके. बीड के जिलाधिकारी विवेक जॉनसन ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि नकल रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

प्रशासन के लिए शर्मिंदगी, जांच शुरू

राज्य भर में नकल-मुक्त परीक्षा अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन बीड की यह घटना प्रशासन के लिए शर्मिंदगी का कारण बनी है. ड्रोन फुटेज ने परीक्षा व्यवस्था की खामियों को उजागर कर दिया है.

इससे पहले 2015 में बिहार में भी बोर्ड परीक्षा के दौरान इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां परिजन स्कूल की दीवारों पर चढ़कर पर्चियां पहुंचाते दिखे थे. उस मामले में तस्वीरें वायरल होने के बाद करीब 500 छात्रों को परीक्षा से वंचित कर दिया गया था. अब बीड मामले में जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!