‘जिन्होंने गोली चलवाई वो राम मंदिर बनवा रहे हैं’, लोकसभा में अखिलेश यादव का बड़ा बयान

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार (10 फरवरी 2026) को राम मंदिर को लेकर लोकसभा में बड़ा दावा किया है. लोकसभा में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया है कि जिन्होंने गोली चलवाई वह राम मंदिर बनवा रहे हैं.
लोकसभा की कार्यवाही के दौरान एक सांसद के द्वारा कार सेवकों पर गोली चलवाने की बात पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “सभापति महोदय जिन्होंने गोली चलवाई, वह राम मंदिर बनवा रहे हैं. अगर पता न हो तो जाकर पूछ लेना. यहां पर आधी-अधूरी जानकारी के साथ मत आया करो.”
‘VB RAM G में राज्य सरकारों पर डाला गया 40 प्रतिशत व्यय’
मनरेगा का नाम बदलकर वी बी राम जी करने पर अखिलेश यादव ने कहा, “वी-बी रामजी नाम बदल दिया गया. यूपी जैसे बड़े राज्य को क्या मिलेगा? यहां एक हजार ग्राम सभाएं अर्बन हो गई हैं और 40 प्रतिशत व्यय राज्य सरकारों पर डाल दिया गया है.” उन्होंने पूछा कि यह योजना कैसे चलेगी?
सरकार ने बंद किया Cow Milk प्लांट
अखिलेश यादव किसानों की आय दोगुनी किए जाने के मुद्दे पर कहा, “जिन्होंने कहा कि 2022 तक किसनों की आय दोगुनी कर देंगे. आज आलू के पैदावार करने वाले की आय दोगुनी हुई? धान की पैदावार करने वाले की आय दोगुनी हुई?” उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा, “आप कहते हैं कि गाय की सेवा करो लेकिन हमारे क्षेत्र में यूपी का पहला काऊ मिल्क प्लांट बना जिसे सरकार ने बंद कर दिया.”
अखिलेश यादव ने यह भी कहा, “अगर उस प्लांट में ऊंट के दूध की चॉकलेट बना रहे होते तो वह प्लांट चलता होता.” इसके अलावा अखिलेश यादव ने कई मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है.



