राज्य

दिल्ली: शाहदरा में बैंक ऐप से ठगी करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिंकजा, 4 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के शाहदरा जिले में बैंक के नाम पर एपीके फाइल भेजकर क्रेडिट कार्ड से ठगी करने वाले गिरोह का साइबर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक कृष्णा नगर निवासी सोनम चौहान ने 4 फरवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि खुद को कोटक महिंद्रा बैंक का एजेंट बताने वाले एक शख्स ने उन्हें कॉल कर क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया और व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी. जैसे ही उन्होंने फाइल डाउनलोड की, उनके मोबाइल का कंट्रोल हैकर्स के पास चला गया और उनके क्रेडिट कार्ड से 75,694 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली गई.

मामले की जांच के लिए बनाई गई टीम

दिल्ली पुलिस द्वारा मामले की जांच के लिए साइबर थाने की एक टीम बनाई गई. जांच में पता चला कि ठगों ने चोरी किए गए कार्ड से जेप्टो ऐप के जरिए इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य चीजें खरीदीं. जो फरीदाबाद के चार्मवुड विलेज में मंगाई गई थीं. तकनीकी जांच और डिलीवरी डिटेल्स के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची जो सूरजकुंड इलाके के रहने वाले निकले. 

पुलिस की जांच में हुआ ये खुलासा

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आशीष कुमार ओझा पहले एक क्रेडिट कार्ड कंपनी में काम करता था और उसके पास ग्राहकों का डाटा था. उसने यह डाटा अपने साथी विवेक उर्फ मोनू को दिया जिसने बैंक जैसी दिखने वाली फर्जी मोबाइल ऐप (मैलिशियस एपीके) तैयार की. 

फर्जी कॉल के जरिए बनाते थे शिकार

दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपी अभिषेक झा के जरिए सिम कार्ड लेकर अपनी पहचान छिपाते थे और लोगों को फर्जी कॉल कर ऐप डाउनलोड करवाते थे. मोबाइल हैक होते ही पीड़ितों की कार्ड डिटेल्स लेकर ऑनलाइन खरीदारी की जाती थी और सामान OLX व अन्य माध्यमों से बेचकर पैसा कमाया जाता था. पुलिस ने चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!