राज्य

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ठग गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी सहारनपुर से गिरफ्तार

दिल्ली क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को अरेस्ट किया. यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में चलाए गए स्पेशल ऑपरेशन के दौरान की गई. पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लोगों को शेयर मार्केट के आईपीओ में निवेश का लालच देकर ठगी करता था. दिल्ली पुलिस के मुताबिक मामले में शिकायतकर्ता, जो एक मल्टीनेशनल टेक्नोलॉजी कंपनी में कार्यरत हैं से करीब 31 लाख रुपये की ठगी की गई थी.

जांच में हुआ ये खुलासा

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी खुद को किसी बड़ी निवेश कंपनी का प्रतिनिधि बताकर लोगों को फोन और ऑनलाइन माध्यम से संपर्क करते थे. इसके बाद नकली वेबसाइट बनाकर लोगों को ज्यादा मुनाफे का झांसा दिया जाता था और उनसे बड़ी रकम ट्रांसफर करवाई जाती थी. पकड़े गए आरोपियों की पहचान सर्वजीत, पवन और पुनीत के रूप में हुई है. यह सभी सहारनपुर के रहने वाले हैं. आरोपी गरीबों को पैसे का लालच देकर उनका बैंक खाता इस्तेमाल करते थे.

पुलिस ने दी यह जानकारी

पुलिस के मुताबिक सर्वजीत ने लालच में आकर एक संस्था के नाम पर बैंक खाता उपलब्ध कराया, जिसे आगे पवन और पुनीत को सौंप दिया गया. पवन का काम साइबर ठगों के लिए फर्जी या ‘म्यूल’ बैंक खाते उपलब्ध कराना था, जबकि पुनीत इन खातों की किट लेकर गिरोह तक पहुंचाता था.

गरीबों और बेरोजगारों को बनाते थे शिकार

जांच में यह भी पता चला कि गिरोह बेरोजगार और गरीब युवाओं को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और उन्हीं खातों के जरिए ठगी की रकम इधर-उधर ट्रांसफर कर दी जाती थी. जिससे असली अपराधियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता था. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!