राज्य

महाराजगंज में प्रेम संबंध के चलते युवक की बेरहमी से हत्या, पुलिस ने किया खुलासा

उत्तर प्रदेश के महराजगंज में प्रेम संबंधों से उपजे सामाजिक दबाव ने एक युवक की जान ले ली. थाना फरेन्दा क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का महराजगंज पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग अपचारी भी शामिल है. 

पुलिस की जांच में सामने आया कि युवती से प्रेम संबंध के कारण सामाजिक बदनामी के डर से योजनाबद्ध तरीके से युवक की हत्या की गई और शव को खेत में छिपा दिया गया. पुलिस के अनुसार, 02 फरवरी 2026 को बैकुण्ठपुर निवासी आदित्य चौरसिया तिलक-एनिवर्सरी देखने के बहाने घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा.

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने की थी छानबीन

परिजनों द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने खोजबीन शुरू की. चार दिन बाद शुक्रवार (6 फरवरी) को लेजार महदेवा गांव स्थित दुबौलिया पोखरा के पास गेहूं के खेत से उसका शव बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

जांच में खुलासा हुआ कि मृतक आदित्य का मुख्य आरोपी मथुरा गुप्ता की नाबालिग बेटी से प्रेम संबंध था. इस बात के उजागर होने से सामाजिक बदनामी की आशंका के चलते आरोपियों ने आदित्य को बुलाकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को तालाब के पास गेहूं के खेत में छिपा दिया गया, ताकि घटना को दुर्घटना या गुमशुदगी का रूप दिया जा सके.

मामले टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्य

पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा (आईपीएस) के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में गठित टीम ने फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और सर्विलांस की मदद से साक्ष्य जुटाए. जांच के दौरान मिले ठोस प्रमाणों के आधार पर पुलिस ने मथुरा गुप्ता, प्रदीप गुप्ता तथा एक नाबालिग अपचारी को गिरफ्तार कर लिया.

मुख्य आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है. एसपी ने बताया की मथुरा गुप्ता (पुत्र स्व. रामपत, निवासी लेजार महदेवा टोला लीलाछापर, थाना फरेन्दा), प्रदीप गुप्ता (पुत्र रामसुभग गुप्ता, निवासी हरपुर टोला कटहिया, थाना फरेन्दा) एवं एक नाबालिग आरोपी का चालान किया गया.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!