खरगोन: 45 साल पहले चुराया था 90 किलो गेहूं, 65 की उम्र में आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बलकवाड़ा थाना क्षेत्र में चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां साल 1980 में 6 साथियों के साथ करीब 90 किलो गेहूं चोरी करने वाला और तबसे फरार आरोपी सलीम पुत्र मुजीद 45 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया. वारदात के समय 20 साल के सलीम को 65 वर्ष की उम्र में घटनास्थल से महज 90 किमी दूर धार जिले के बाग कस्बे से गिरफ्तार किया गया. इसमें कुल सात आरोपियों में से दो की मौत हो चुकी है. सलीम को छोड़कर चार अन्य आरोपी जमानत पर हैं और केस कोर्ट में विचाराधीन है.
पुलिस ने दी यह जानकारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी सलीम बेटे के साथ किराना दुकान संचालित कर रहा था. खलटांका पुलिस चौकी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1980 में बालसमुंद काकड़ के समीप खेत में रखे गेहूं की चोरी की गई थी. मामले में वारंट जारी होने के बाद से आरोपी सलीम फरार चल रहा था. लंबे समय से फरार वारंटियों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. कोर्ट ने सलीम को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
आरोपी की तलाश में देवास पहुंची थी पुलिस
पुलिस के अनुसार हाल ही में इसी प्रकरण के एक अन्य आरोपी सलीम पुत्र मोहम्मद की तलाश में पुलिस देवास स्थित उसके घर पहुंची, जहां उसके निधन की जानकारी मिली. स्वजन से पूछताछ में सलीम पुत्र मुजीद के धार जिले के बाग में रहने की जानकारी मिली थी.
115 रुपये प्रति क्विंटल का था भाव
उस समय गेहूं का भाव करीब 115 रुपये प्रति क्विंटल था. चोरी के मामले में सात आरोपी बनाए गए थे. महज 90 किमी दूर रह रहे आरोपी सलीम तक पहुंचने में पुलिस को 45 साल लग गए. सलीम ने बताया कि उसे लगा था कि इतने वर्ष बाद पुलिस इस मामले को भूल चुकी होगी, इसलिए वह निश्चिंत हो गया था.



