कानपुर: अस्पताल की बड़ी लापरवाही, जन्म के बाद वॉर्मर मशीन में रखी मासूम, बुरी तरह झुलसने से मौत

उत्तर प्रदेश के कानपुर में बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है जहां एक निजी नर्सिंग होम की बड़ी लापरवाही के चलते नवजात मासूम की झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई. प्रसव के बाद बच्ची को NICU के वार्मर मशीन में रखा गया था. जहां वार्मर मशीन के ओवर हीट होने से वो झुलस गई. मौत के बाद बच्ची का पूरा शरीर काला पड़ गया था.
ये घटना बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिठूर कस्बे में स्थित राजा नर्सिंग होम की है. इस घटना को लेकर पूरे परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों ने आरोप लगाया कि दोपहर बाद बच्ची का जन्म ऑपरेशन से हुआ था लेकिन, जन्म के कई घंटों बाद भी उन्हें बच्ची को नहीं दिखाया गया. परिजनों ने जब ज़िद की तो देर शाम स्टाफ ने इसके बारे में बताया जिसके बाद परिजनों के पैरों के नीचे से ज़मीन निकल गई.
स्टाफ की लापरवाही से झुलसी बच्ची
कानपुर के बाकरगंज रमेलनगर निवासी अरुण निषाद की दो साल पहले ही शादी हुई थी. ऑपरेशन के बाद बच्ची का जन्म हुआ था. जिसके बाद उसे वॉर्मर मशीन में रखा गया था. लेकिन स्टाफ की लापरवाही की वजह से मशीन ओवरहीट हो गई और बच्ची की झुलसकर मौत हो गई. जिसके बाद परिजनों ने हंगामा किया.
घटना की सूचना मिलने पर बिठूर थाना पुलिस मौके पहुंच गई. पुलिस ने नवजात बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अस्पताल स्टाफ से बातचीत कर रही है. वहीं इस परिवार के लोग अभी भी नर्सिंग होम के बाहर मौजूद हैं. दादी का कहना है मेरी बहू का ये पहली बेटी थी जो काफी इलाज के बाद पैदा हुई थी.
पुलिस ने अस्पताल के खिलाफ दर्ज किया केस
परिजनों की शिकायत पर नर्सिंग होम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. कानपुर राजा नर्सिंग होम में मौजूद डॉक्टर के दोस्त ने बताया अस्पताल के मालिक डॉक्टर की तबीयत ज्यादा खराब है वह अस्पताल में भर्ती हैं.
वहीं इस घटना पर फायर ऑफ़िसर दीपक शर्मा ने कहा कि हमें मीडिया के जरिए बच्ची के झुलसने की जानकारी मिली है. जानकारी में ये पता चला है कि बच्चे को जन्म के बाद वार्मर मशीन में रखा जाता है. मशीन की हीट बढ़ी होने की वजह से ही बच्ची झुलसी है. हम इस मामले की जांच के आदेश देंगे.



