तेज हवाओं की चपेट में दिल्ली-NCR, गर्मी आने से पहले कैसा रहेगा मौसम, जानें अगले 24 घंटे का मिजाज

दिल्ली एनसीआर में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां तेज रफ्तार हवाओं ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है. दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव और फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर में करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं.
यह स्थिति सोमवार से बनी हुई है और इसका असर खासतौर पर शाम और रात के समय ज्यादा महसूस किया जा रहा है, जब लोगों को अचानक ठंड का अहसास बढ़ गया है. हालांकि सुबह और दोपहर के समय तेज धूप निकलने के कारण इन हवाओं का असर कम महसूस हो रहा है और दिन के समय मौसम सामान्य बना हुआ है.
अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंचेगा!
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 15 फरवरी तक के लिए मौसम का ताजा पूर्वानुमान जारी किया है. इसके अनुसार आने वाले दिनों में दिल्ली एनसीआर का अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी और यह लगभग 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
IMD ने स्पष्ट किया है कि अब केवल सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है. रात का तापमान थोड़ा कम रहने से ठंड महसूस हो सकती है, लेकिन सुबह 9 बजे के बाद से लेकर शाम 5 बजे तक मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है, जिससे दैनिक गतिविधियों पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा.
न बारिश की संभावना, न शीतलहर का अलर्ट
मौजूदा स्थिति में दिल्ली एनसीआर के मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं. दिन के समय धूप खिली रहेगी और बीच-बीच में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल दिल्ली एनसीआर की ओर सक्रिय होता नजर नहीं आ रहा है. इसके चलते न तो शीतलहर और न ही घने कोहरे का कोई अलर्ट जारी किया गया है. केवल सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है. आने वाले दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ता रहेगा और मौसम सामान्य से शुष्क बना रहेगा.
अगले कुछ दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा. 9 फरवरी से 11 फरवरी के बीच पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर बर्फबारी शुरू हो सकती है, जबकि पहाड़ों से सटे कुछ राज्यों में हल्की बारिश की संभावना है. गंगा के मैदानी क्षेत्रों में उत्तर-पश्चिम दिशा से तेज हवाएं चलती रहेंगी, जिससे दिन और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है. दिल्ली एनसीआर में अगले सात दिनों तक मौसम स्थिर रहने का अनुमान है.



